Rajinikanth की ‘जेलर 2’ की रिलीज डेट फाइनल, लंबे वीकेंड पर दांव खेल बॉक्स ऑफिस हिलाने की तैयारी

साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की मोस्ट अवेटेड फिल्म Jailer 2 को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी। पहले खबर थी कि फिल्म अगस्त 2026 में रिलीज होगी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज टाल दी गई। अब फिल्म की नई और लगभग फाइनल रिलीज डेट सामने आ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सन पिक्चर्स ने फिल्म को 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज करने का फैसला किया है। इस खबर के बाद फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है।

लंबे वीकेंड का मिलेगा फायदा

मेकर्स ने रिलीज डेट सोच-समझकर चुनी है। 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी का त्योहार है, जिसकी वजह से फिल्म को लंबा वीकेंड मिलेगा। 11 सितंबर को रिलीज होने पर फिल्म को लगातार छुट्टियों का फायदा मिल सकता है। खासतौर पर महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गोवा जैसे राज्यों में गणेश चतुर्थी बड़े स्तर पर मनाई जाती है। ऐसे में ज्यादा दर्शकों के सिनेमाघरों तक पहुंचने की उम्मीद है। मेकर्स का मानना है कि यह डेट पैन इंडिया बॉक्स ऑफिस के हिसाब से काफी मजबूत साबित हो सकती है।

कई बड़े सितारों की होगी एंट्री

फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार कर रहे हैं। फिल्म में कई बड़े स्टार्स की झलक देखने को मिलेगी। रिपोर्ट्स के अनुसार कमल हासन, शिव राजकुमार, मोहनलाल और नंदमुरी बालाकृष्ण जैसे कलाकार फिल्म में नजर आएंगे। इसके अलावा मिथुन चक्रवर्ती का कैमियो भी चर्चा में है। पहले शाहरुख खान के कैमियो की खबरें भी आई थीं, लेकिन बाद में उन्हें गलत बताया गया।

पहले पार्ट की सफलता से बढ़ीं उम्मीदें

‘जेलर’ का पहला पार्ट बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट साबित हुआ था। फिल्म ने देशभर में शानदार कमाई की थी और रजनीकांत का दमदार अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया था। अब दूसरे पार्ट से भी वैसी ही बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं। खबरों के मुताबिक रजनीकांत ने अप्रैल 2026 में फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली थी। अब मेकर्स फिल्म के प्रमोशन और रिलीज प्लान पर तेजी से काम कर रहे हैं। फैंस को उम्मीद है कि ‘जेलर 2’ एक बार फिर सिनेमाघरों में बड़ा धमाका करेगी।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post