गर्मियों में शरीर से पसीने के जरिए काफी पानी और जरूरी मिनरल्स बाहर निकल जाते हैं। ऐसे में कई लोग शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए ORS पीते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक ORS शरीर में पानी की कमी पूरी करने के साथ इलेक्ट्रोलाइट्स को भी बैलेंस रखने में मदद करता है। इसमें सोडियम, पोटैशियम और ग्लूकोज जैसे तत्व होते हैं, जो डिहाइड्रेशन होने पर शरीर को जल्दी रिकवर करने में मदद करते हैं। यही वजह है कि गर्मी में कई लोग इसे पानी की बोतल में घोलकर पूरे दिन पीते रहते हैं।
हर किसी को रोज पीने की जरूरत नहीं
डॉक्टरों का कहना है कि ORS फायदेमंद जरूर है, लेकिन इसका जरूरत से ज्यादा सेवन नुकसान भी पहुंचा सकता है। अगर कोई व्यक्ति सामान्य स्थिति में है, पर्याप्त पानी पी रहा है और उसे डिहाइड्रेशन की समस्या नहीं है, तो बार-बार ORS पीने की जरूरत नहीं होती। ORS में शुगर और नमक दोनों मौजूद होते हैं। ज्यादा मात्रा में सेवन करने से ब्लड शुगर बढ़ सकता है और शरीर में नमक की मात्रा भी अधिक हो सकती है। इससे इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बिगड़ने का खतरा रहता है, जो किडनी और शरीर के दूसरे अंगों को प्रभावित कर सकता है।
किन लोगों के लिए ज्यादा जरूरी
कुछ लोगों के लिए गर्मियों में ORS काफी जरूरी माना जाता है। जो लोग लंबे समय तक धूप में काम करते हैं या फील्ड वर्क करते हैं, उन्हें शरीर में पानी और मिनरल्स की कमी जल्दी हो सकती है। इसके अलावा बच्चों और बुजुर्गों में डिहाइड्रेशन होने पर भी ORS मददगार होता है। लूज मोशन यानी दस्त होने की स्थिति में डॉक्टर अक्सर ORS पीने की सलाह देते हैं, क्योंकि इससे शरीर में पानी और जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी पूरी होती है। हालांकि इसकी मात्रा व्यक्ति की जरूरत और स्वास्थ्य स्थिति के हिसाब से तय होनी चाहिए।
इन मरीजों को सावधानी जरूरी
डॉक्टरों के मुताबिक कुछ लोगों को बिना सलाह ORS नहीं पीना चाहिए। खासतौर पर किडनी की बीमारी, हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट डिजीज और डायबिटीज से जूझ रहे मरीजों को सावधानी बरतनी चाहिए। ORS में मौजूद नमक और शुगर इन मरीजों की परेशानी बढ़ा सकते हैं। इसलिए अगर किसी को पहले से कोई गंभीर बीमारी है तो डॉक्टर की सलाह के बाद ही ORS का सेवन करना बेहतर माना जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि सामान्य पानी, नारियल पानी और संतुलित खानपान भी शरीर को हाइड्रेट रखने के अच्छे तरीके हैं।