World पर डबल वायरस का खतरा! इबोला और हंतावायरस ने बढ़ाई टेंशन, जानिए कितने खतरनाक हैं दोनों संक्रमण

इस समय दुनिया में दो खतरनाक वायरस को लेकर चिंता बढ़ रही है. एक तरफ अफ्रीका में Ebola के मामले सामने आ रहे हैं, वहीं कई देशों में Hantavirus संक्रमण फैलने की खबरें हैं. फिलहाल भारत में इन दोनों वायरस का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. इन वायरस के लक्षण, फैलने के तरीके और बचाव की जानकारी होना बेहद जरूरी है.

इबोला और हंता में बड़ा अंतर

लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों के मुताबिक इबोला और हंतावायरस दोनों गंभीर संक्रमण हैं, लेकिन दोनों का फैलने का तरीका अलग है. इबोला संक्रमित व्यक्ति के खून, शरीर के तरल पदार्थ या संक्रमित जानवरों के संपर्क से फैलता है और तेजी से एक व्यक्ति से दूसरे में पहुंच सकता है. जबकि हंतावायरस मुख्य रूप से चूहों के जरिए फैलता है और इंसानों में तेजी से ट्रांसमिट नहीं होता. डॉक्टरों का कहना है कि इबोला की वैक्सीन उपलब्ध है, लेकिन हंतावायरस की अभी तक कोई वैक्सीन नहीं बनी है.

ऐसे पहचानें दोनों वायरस के लक्षण

इबोला के लक्षण काफी गंभीर माने जाते हैं. इसमें तेज बुखार, सिरदर्द, कमजोरी, उल्टी, दस्त और शरीर के अंदर ब्लीडिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं. दूसरी तरफ हंतावायरस में तेज बुखार, शरीर और मांसपेशियों में दर्द, ज्यादा थकान और सांस लेने में दिक्कत जैसे लक्षण दिखाई देते हैं. हाल ही में एक क्रूज शिप पर हंतावायरस के मामले सामने आने के बाद इस संक्रमण को लेकर चिंता और बढ़ गई है.

बचाव ही सबसे बड़ा हथियार

विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल भारत में घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी जरूरी है. लोगों को साफ-सफाई का खास ध्यान रखना चाहिए और चूहों के संपर्क से बचना चाहिए. खाना खाने से पहले हाथ अच्छी तरह धोना जरूरी है. जिन देशों या इलाकों में इन वायरस के मामले बढ़ रहे हैं, वहां यात्रा करने से बचना चाहिए. अगर किसी व्यक्ति में तेज बुखार, कमजोरी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए.

The Hindi Post
Author: The Hindi Post