IPL 2026: पहली बार मौका मिलते ही छा गए आकाश सिंह, पर्ची वाला जश्न दिखाकर चेन्नई के बल्लेबाजों में मचा दी हलचल

आकाश सिंह ने आईपीएल 2026 के 59वें मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए उन्हें इस सीजन पहली बार प्लेइंग-11 में मौका मिला था। कप्तान ऋषभ पंत ने उन पर शुरुआत से भरोसा दिखाया और पावरप्ले में लगातार तीन ओवर थमा दिए। आकाश ने भी कप्तान के भरोसे को सही साबित करते हुए शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने शुरुआती तीन ओवरों में सिर्फ 16 रन देकर दो बड़े विकेट झटके।

पर्ची निकालकर मनाया जश्न

आकाश सिंह ने अपने पहले ओवर में सिर्फ 7 रन दिए और फिर दूसरे ओवर में ऋतुराज गायकवाड़ को आउट कर सीजन का पहला विकेट हासिल किया। विकेट मिलते ही उन्होंने जेब से एक पर्ची निकाली, जिस पर लिखा था, “अक्की ऑन फायर, आकाश टी20 में विकेट लेना जानता है।” उनका यह अलग अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद उन्होंने तीसरे ओवर में संजू सैमसन को भी आउट कर दिया और फिर उसी अंदाज में जश्न मनाकर फैंस का उत्साह और बढ़ा दिया।

रवि शास्त्री की भविष्यवाणी गलत

मैच के दौरान कमेंट्री कर रहे रवि शास्त्री ने शुरुआत में भविष्यवाणी की थी कि चेन्नई सुपर किंग्स पावरप्ले में सिर्फ एक विकेट गंवाएगी। लेकिन आकाश सिंह ने दो विकेट लेकर पूरा समीकरण बदल दिया। उनके शानदार स्पेल के बाद रवि शास्त्री ने मजाकिया अंदाज में कहा, “आकाश सिंह ने आकर सब गड़बड़ कर दिया।” इस प्रदर्शन के बाद कमेंट्री बॉक्स से लेकर सोशल मीडिया तक हर जगह उनकी चर्चा होने लगी।

करियर का सबसे बेहतरीन स्पेल

पावरप्ले खत्म होने के बाद भी आकाश सिंह का जलवा जारी रहा। उन्होंने लगातार चौथा ओवर फेंकते हुए उर्विल पटेल को भी पवेलियन भेज दिया। इस तरह उन्होंने 4 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जो उनके आईपीएल करियर का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है। आकाश ने आईपीएल में डेब्यू 2021 में किया था। वह राजस्थान के लिए खेले, फिर 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बने। अब लखनऊ के लिए उनका यह प्रदर्शन उनके करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post