यूक्रेन युद्ध के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपनी सबसे खतरनाक परमाणु मिसाइल “सरमात” को लेकर बड़ा ऐलान किया है। पुतिन ने कहा कि इस मिसाइल को जल्द ही रूसी सेना में तैनात किया जाएगा। रूस का दावा है कि सरमात दुनिया की सबसे ताकतवर परमाणु मिसाइल है, जो किसी भी देश को भारी तबाही पहुंचा सकती है। इस घोषणा के बाद यूरोप और अमेरिका में चिंता बढ़ गई है।
15 मिनट में 6000 किलोमीटर सफर
रूस ने हाल ही में सरमात मिसाइल का सफल परीक्षण किया। इसे रूस के अरख़ानगेल्स्क इलाके से लॉन्च किया गया और हजारों किलोमीटर दूर कमचात्का प्रायद्वीप में तय निशाने पर गिराया गया। रूस का दावा है कि मिसाइल ने करीब 6000 किलोमीटर की दूरी सिर्फ 15 मिनट में पूरी की। बताया जा रहा है कि इसकी रफ्तार लगभग 25,000 किलोमीटर प्रति घंटा है। पुतिन ने खुद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस परीक्षण को देखा।
एक साथ कई परमाणु हमले
रूस के मुताबिक सरमात मिसाइल की सबसे बड़ी ताकत इसकी मारक क्षमता है। दावा किया गया है कि यह एक साथ 10 से 15 परमाणु हथियार ले जा सकती है। इसकी रेंज 35,000 किलोमीटर तक बताई जा रही है, यानी दुनिया का लगभग हर हिस्सा इसकी पहुंच में है। रूस का यह भी कहना है कि सरमात आधुनिक एयर डिफेंस और रडार सिस्टम को चकमा दे सकती है, जिससे इसे रोकना बेहद मुश्किल होगा। इसी वजह से इसे रूस की सबसे खतरनाक मिसाइल माना जा रहा है।
पश्चिमी देशों को सीधी धमकी?
रूस और यूक्रेन युद्ध में अमेरिका और कई यूरोपीय देश खुलकर यूक्रेन का समर्थन कर रहे हैं। पोलैंड, जर्मनी, ब्रिटेन और फ्रांस जैसे देश लगातार यूक्रेन को हथियार और मदद भेज रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि सरमात मिसाइल की तैनाती का ऐलान करके पुतिन ने पश्चिमी देशों को सीधी चेतावनी दी है। रूस का दावा है कि यह मिसाइल अमेरिका से लेकर पूरे यूरोप तक किसी भी लक्ष्य को निशाना बना सकती है। इससे वैश्विक तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।