Health Tips: बदलता मौसम बुज़ुर्गों पर भारी! सर्दी-खांसी से हार्ट तक बढ़ा खतरा, इन लक्षणों को भूलकर भी न करें नजरअंदाज

देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है और इसका असर सबसे ज्यादा बुज़ुर्गों की सेहत पर पड़ सकता है। बढ़ती उम्र के साथ शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता कमजोर होने लगती है, जिससे संक्रमण और दूसरी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। जिन बुज़ुर्गों को पहले से डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, अस्थमा या दिल की बीमारी है, उन्हें बदलते मौसम में ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत होती है। तापमान में अचानक बदलाव शरीर को जल्दी प्रभावित कर सकता है।

इन बीमारियों का खतरा ज्यादा

डॉ. सुभाष गिरी के अनुसार बदलते मौसम में बुज़ुर्गों को सर्दी-खांसी, वायरल संक्रमण, बुखार, सांस लेने में परेशानी और जोड़ों के दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। जिन लोगों को डायबिटीज, अस्थमा, सीओपीडी या हार्ट डिजीज है, उनमें परेशानी और ज्यादा बढ़ सकती है। इसके अलावा कमजोरी, थकान, भूख कम लगना, डिहाइड्रेशन और ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव जैसी दिक्कतें भी देखने को मिल सकती हैं।

बुज़ुर्गों की देखभाल कैसे करें

बदलते मौसम में बुज़ुर्गों को आरामदायक और मौसम के अनुसार कपड़े पहनाने चाहिए। उन्हें पर्याप्त पानी पिलाना और पौष्टिक भोजन देना बेहद जरूरी है। खाने में फल, हरी सब्जियां, हल्का भोजन और प्रोटीन शामिल करना फायदेमंद रहता है। दवाएं समय पर देना और पर्याप्त नींद का ध्यान रखना भी जरूरी है। घर का तापमान संतुलित रखें और बहुत ज्यादा गर्म या ठंडी हवा से बचाएं। संक्रमण से बचने के लिए साफ-सफाई और हाथ धोने जैसी आदतों का भी ध्यान रखें।

इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें

अगर किसी बुज़ुर्ग को तेज बुखार, लगातार खांसी, सांस फूलना, सीने में दर्द या अत्यधिक कमजोरी महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। इसके अलावा भूख बिल्कुल कम हो जाना, चक्कर आना, पेशाब कम होना, शरीर में सूजन बढ़ना या व्यक्ति का सामान्य से ज्यादा सुस्त दिखना भी गंभीर संकेत हो सकते हैं। समय रहते इलाज मिलने से बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं और जटिलताओं से बचा जा सकता है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post