Sai Sudharsan का फिर चला बल्ला, लगातार तीसरे अर्धशतक से IPL 2026 में रनों का बादशाह बना गुजरात स्टार

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में मंगलवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बड़ा मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के बीच पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचने की जंग थी। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी की, लेकिन शुरुआत उम्मीद के बिल्कुल उलट रही। कप्तान शुभमन गिल और स्टार बल्लेबाज जोस बटलर पावरप्ले के अंदर ही आउट हो गए। शुरुआती 6 ओवर में टीम सिर्फ 34 रन ही बना सकी, जिससे गुजरात मुश्किल में नजर आने लगी।

सुदर्शन ने संभाली पारी

मुश्किल हालात में एक बार फिर साई सुदर्शन ने टीम की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठाई। हैदराबाद के गेंदबाज लगातार दबाव बना रहे थे और पिच भी बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं थी। इसके बावजूद सुदर्शन ने धैर्य नहीं खोया और धीरे-धीरे रन बनाते रहे। बड़े शॉट लगाने में परेशानी होने के बाद भी उन्होंने स्ट्राइक रोटेट कर टीम का स्कोर आगे बढ़ाया। सुदर्शन ने 38 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह इस सीजन में उनका लगातार तीसरा और कुल पांचवां अर्धशतक रहा। उनकी इस पारी ने गुजरात को संभालने का काम किया।

500 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज

साई सुदर्शन आखिरकार 17वें ओवर में आउट हुए। उन्होंने 44 गेंदों में 61 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने कई बेहतरीन शॉट लगाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इस पारी के साथ ही सुदर्शन IPL 2026 में 500 रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। मैच से पहले उनके नाम 440 रन थे और अब उन्होंने ऑरेंज कैप की रेस में भी बढ़त बना ली है। लगातार अच्छे प्रदर्शन की वजह से वह इस सीजन के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं।

सीजन में लगातार शानदार प्रदर्शन

इस सीजन में सुदर्शन का बल्ला लगातार रन उगल रहा है। अब तक वह 6 बार 50 से ज्यादा का स्कोर बना चुके हैं, जिसमें 5 अर्धशतक और 1 शतक शामिल है। गुजरात टाइटंस के लिए उनकी फॉर्म सबसे बड़ी ताकत बन गई है। जब भी टीम मुश्किल में फंसती है, सुदर्शन जिम्मेदारी लेकर पारी संभालते दिखाई देते हैं। उनकी शानदार बल्लेबाजी की वजह से गुजरात प्लेऑफ की रेस में मजबूत स्थिति में बनी हुई है। फैंस को उम्मीद है कि आने वाले मुकाबलों में भी सुदर्शन इसी तरह टीम के लिए मैच जिताऊ पारियां खेलते रहेंगे।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post