Digestion Tips: बार-बार पेट खराब होना बन सकता है बड़ी बीमारी का संकेत, गैस और दर्द को भूलकर भी नजरअंदाज न करें

आजकल की खराब लाइफस्टाइल और अनियमित खानपान पेट से जुड़ी समस्याओं को तेजी से बढ़ा रहे हैं। पेट दर्द, गैस, अपच और बार-बार पेट खराब होना अब आम समस्या बन चुकी है। लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के डॉक्टर एल. एच. घोटेकर के मुताबिक, इसका सबसे बड़ा कारण गलत खानपान है। खासकर मैदा से बनी चीजें पेट को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाती हैं। मैदा आसानी से पचती नहीं है और आंतों में जाकर सड़ने लगती है, जिससे गैस, दर्द और पेट फूलने जैसी दिक्कतें होती हैं। कई लोगों को दूध, ग्लूटेन या कुछ खास खाद्य पदार्थ भी सूट नहीं करते, जिससे दस्त और ऐंठन की परेशानी बढ़ सकती है।

लंबे समय तक दिक्कत है खतरनाक

डॉक्टरों के अनुसार अगर पेट कभी-कभार खराब हो तो ज्यादा चिंता की बात नहीं होती, लेकिन हर कुछ दिनों में यही समस्या होने लगे तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। बार-बार पेट खराब होना इस बात का संकेत है कि खाना सही तरीके से पच नहीं रहा। लंबे समय तक गैस, कब्ज, दस्त या पेट दर्द बने रहना IBS यानी इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम का संकेत हो सकता है। कुछ मामलों में यह आंतों की सूजन या अल्सर जैसी गंभीर बीमारी से भी जुड़ा हो सकता है। समय रहते इलाज न कराने पर यह समस्या आगे चलकर आंतों के कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी का रूप भी ले सकती है।

इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

अगर पेट खराब होने के साथ कुछ खास लक्षण भी दिख रहे हैं तो तुरंत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए। बिना वजह तेजी से वजन कम होना, बार-बार उल्टी होना, मल में खून आना, शरीर में कमजोरी महसूस होना और लगातार थकान बने रहना गंभीर संकेत हो सकते हैं। कई लोग इन लक्षणों को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यही लापरवाही बाद में बड़ी बीमारी का कारण बन सकती है। डॉक्टरों का कहना है कि शुरुआती जांच और सही इलाज से कई गंभीर बीमारियों को समय रहते रोका जा सकता है।

ऐसे रखें पेट को स्वस्थ

पेट को स्वस्थ रखने के लिए सबसे जरूरी है सही खानपान और अच्छी दिनचर्या। फास्ट फूड, ज्यादा तेल-मसाले और मैदा वाली चीजों से दूरी बनानी चाहिए। दिनभर में कम से कम 7 गिलास पानी पीना जरूरी है ताकि पाचन बेहतर बना रहे। खाने में हरी सब्जियां, मौसमी फल और फाइबर से भरपूर चीजें शामिल करनी चाहिए। नियमित समय पर भोजन करना और तनाव कम रखना भी पेट की सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। अगर समस्या लगातार बनी रहे तो घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post