बॉलीवुड एक्ट्रेस नरगिस फाखरी अब एक बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं। रोमांटिक और ग्लैमरस किरदारों के लिए पहचानी जाने वाली नरगिस को एकता कपूर की सुपरनैचुरल थ्रिलर फिल्म ‘रागिनी 3’ के लिए साइन किया गया है। खास बात यह है कि इस बार वह किसी बोल्ड या ग्लैमरस रोल में नहीं, बल्कि एक पुलिस ऑफिसर के किरदार में दिखाई देंगी। फिल्म में पहले ही आमिर खान के बेटे जुनैद खान और तमन्ना भाटिया की एंट्री हो चुकी है, अब नरगिस तीसरी बड़ी स्टार बनकर जुड़ी हैं।
फिर लौटेगी हॉरर और थ्रिलर की दुनिया
‘रागिनी 3’ का निर्देशन शशांक घोष कर रहे हैं, जिन्होंने साल 2011 में आई पहली ‘रागिनी एमएमएस’ फिल्म भी बनाई थी। इस फ्रेंचाइजी को बालाजी मोशन पिक्चर्स और बालाजी टेलीफिल्म्स प्रोड्यूस कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फिल्म भी सुपरनैचुरल थ्रिलर होगी। हालांकि अभी तक मेकर्स ने कहानी या बाकी किरदारों को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। आईएमडीबी पर भी जुनैद, तमन्ना और नरगिस के नाम फिल्म की कास्ट में शामिल किए जा चुके हैं।
‘रागिनी एमएमएस’ की पुरानी सफलता
‘रागिनी एमएमएस’ का पहला पार्ट साल 2011 में रिलीज हुआ था, जिसमें राजकुमार राव और कायनाज मोतिवाला नजर आए थे। फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। इसके बाद साल 2014 में ‘रागिनी एमएमएस 2’ रिलीज हुई, जिसमें सनी लियोनी मुख्य भूमिका में थीं। इस हॉरर फिल्म में परवीन डबास, साहिल प्रेम, संध्या मृदुल, अनिता हसनंदानी और दिव्या दत्ता जैसे कलाकार भी दिखाई दिए थे। अब तीसरे पार्ट को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
जुनैद की पिछली फिल्म रही फ्लॉप
आमिर खान के बेटे जुनैद खान इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘एक दिन’ को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में उनके साथ साउथ स्टार साई पल्लवी नजर आई थीं। फिल्म को आमिर खान ने खूब प्रमोट किया, लेकिन इसके बावजूद बॉक्स ऑफिस पर यह खास प्रदर्शन नहीं कर सकी। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने पहले 6 दिनों में दुनियाभर में सिर्फ 4.95 करोड़ रुपये का कारोबार किया। ऐसे में अब ‘रागिनी 3’ जुनैद खान के करियर के लिए काफी अहम मानी जा रही है।