Musician Palash Muchhal की बढ़ीं मुश्किलें, धोखाधड़ी और एट्रोसिटी एक्ट में FIR दर्ज

मशहूर संगीतकार पलाश मुच्छल के खिलाफ महाराष्ट्र के सांगली में गंभीर आरोप लगे हैं। एक फिल्म निर्माता ने उन पर 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी और गाली-गलौज करने का केस दर्ज कराया है। यह मामला अब पुलिस जांच के दायरे में आ चुका है, जिससे उनकी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।

फिल्म निवेश के नाम पर ठगी का आरोप

शिकायतकर्ता विज्ञान प्रकाश माने का कहना है कि उनकी मुलाकात पलाश से फिल्म प्रोजेक्ट के जरिए हुई थी। आरोप है कि पलाश ने उन्हें फिल्म में निवेश के लिए भरोसा दिलाया और 25 लाख रुपये ले लिए। वादा किया गया था कि फिल्म 6 महीने में तैयार हो जाएगी, लेकिन दो साल बीतने के बाद भी न फिल्म बनी और न ही पैसे वापस मिले।

पैसे मांगने पर विवाद और आरोप

विज्ञान माने के मुताबिक, जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो पलाश मुच्छल उन्हें बार-बार टालते रहे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुलाकात के दौरान उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और एक विशेष समुदाय को लेकर आपत्तिजनक बातें कही गईं। इस घटना ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

किन धाराओं में दर्ज हुआ केस?

सांगली पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2) और 352 के साथ-साथ अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (Atrocity Act) की धारा 3(1) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post