पंचांग के अनुसार साल 2026 में ज्येष्ठ मास 2 मई से 29 जून तक रहेगा और इस बार एक खास संयोग बन रहा है। इस महीने के हर मंगलवार को “बड़ा मंगल” कहा जाता है, जो भगवान हनुमान जी की पूजा के लिए बेहद शुभ माना जाता है। इस साल 17 मई से 15 जून तक अधिक मास पड़ने के कारण कुल 8 बड़े मंगल बन रहे हैं। ऐसा दुर्लभ संयोग लगभग 19 साल बाद देखने को मिल रहा है, जिससे इसका धार्मिक महत्व और भी बढ़ गया है।
बड़े मंगल पर इन गलतियों से बचें
इस खास दिन कुछ नियमों का पालन करना बहुत जरूरी माना जाता है। तामसिक भोजन जैसे मांस, मदिरा, प्याज और लहसुन से दूर रहें। क्रोध और अपशब्दों से बचना चाहिए, क्योंकि हनुमान जी सेवा और विनम्रता के प्रतीक हैं। पूजा के समय काले कपड़े न पहनें और लोहे की वस्तुओं का उपयोग भी न करें। अगर व्रत रख रहे हैं, तो नमक का सेवन न करें और मीठा भोजन करना बेहतर माना जाता है।
घर पर ऐसे करें आसान पूजा विधि
अगर मंदिर जाना संभव न हो, तो घर पर भी पूजा की जा सकती है। सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और लाल या पीले कपड़े पहनें। पूजा के लिए चौकी पर लाल कपड़ा बिछाकर हनुमान जी की मूर्ति या तस्वीर रखें। साथ में भगवान श्रीराम और माता सीता की प्रतिमा भी रखें। इसके बाद गंगाजल से अभिषेक करें और सिंदूर व चमेली का तेल अर्पित करें।
भोग, पाठ और दान का महत्व
पूजा के दौरान बूंदी या बेसन के लड्डू और चूरमा का भोग लगाएं। तुलसी के पत्ते जरूर अर्पित करें, इसे बहुत शुभ माना जाता है। इसके बाद हनुमान चालीसा या सुंदरकांड का पाठ करें और आरती करें। इस दिन दान का विशेष महत्व है- प्यासे को पानी पिलाना, गरीबों को भोजन देना और पक्षियों के लिए दाना-पानी रखना बहुत पुण्यकारी माना जाता है।