राजा शिवाजी ने रिलीज के साथ ही अच्छा माहौल बना दिया है। रितेश देशमुख की इस फिल्म को खासकर महाराष्ट्र में शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन करीब 8.5 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 10 करोड़ रुपये से ज्यादा रहा। कुल मिलाकर यह ओपनिंग मजबूत मानी जा रही है और उम्मीद है कि वर्ल्डवाइड कलेक्शन 15 करोड़ के आसपास पहुंच सकता है।
अन्य जगहों पर अभी धीमा रिस्पॉन्स
हालांकि महाराष्ट्र के बाहर फिल्म का क्रेज अभी उतना बड़ा नहीं दिख रहा है। हिंदी बेल्ट में फिल्म को धीरे-धीरे पकड़ बनाने की जरूरत है। अगर आने वाले दिनों में दर्शकों का रुझान बढ़ता है, तो फिल्म की कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है। खास बात यह है कि फिल्म की लगभग 60% कमाई महाराष्ट्र से ही आई है, जो इसके क्षेत्रीय प्रभाव को साफ दर्शाता है।
क्या टूटेगा पुराना ओपनिंग रिकॉर्ड
रितेश देशमुख के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म हाउसफुल 5 रही है, जिसने पहले दिन 24 करोड़ से ज्यादा कमाए थे। हालांकि यह मल्टीस्टारर फिल्म थी, जिसमें अक्षय कुमार लीड रोल में थे। ऐसे में माना जा रहा है कि ‘राजा शिवाजी’ इस बड़े रिकॉर्ड को तोड़ पाना मुश्किल है, लेकिन फिर भी फिल्म का प्रदर्शन सराहनीय माना जा रहा है।
लीड रोल में सबसे बड़ी हिट से मुकाबला
अगर लीड रोल की बात करें, तो एक विलेन रितेश देशमुख की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म रही है, जिसने पहले दिन करीब 16.7 करोड़ रुपये कमाए थे। अब नजर इस बात पर है कि ‘राजा शिवाजी’ इस आंकड़े के करीब पहुंच पाती है या नहीं। फिल्म में सलमान खान, संजय दत्त और अभिषेक बच्चन जैसे बड़े सितारे भी नजर आ रहे हैं, जो फिल्म को और मजबूत बनाते हैं।