देश के कई हिस्सों में इस समय तेज गर्मी और लू का असर देखने को मिल रहा है। तापमान लगातार बढ़ रहा है और लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार गर्मी सामान्य से अलग है और ज्यादा तीव्र महसूस हो रही है। इसकी एक बड़ी वजह हीट डोम जैसी स्थिति को माना जा रहा है, जो गर्मी को एक जगह रोककर उसे और खतरनाक बना देती है।
क्या है हीट डोम असर
हीट डोम एक ऐसी स्थिति होती है, जिसमें किसी क्षेत्र के ऊपर हाई प्रेशर बन जाता है। इससे गर्म हवा ऊपर नहीं उठ पाती और नीचे ही फंसी रहती है। यही फंसी हुई गर्म हवा तापमान को तेजी से बढ़ाती है। इस वजह से हीट वेव अब सिर्फ एक-दो राज्यों तक सीमित नहीं रह गई, बल्कि इसका असर देश के कई हिस्सों में एक साथ देखने को मिल रहा है।
बदलता मौसम पैटर्न
पहले लू का असर मुख्य रूप से राजस्थान के कुछ इलाकों तक सीमित रहता था, लेकिन अब उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में भी तापमान 40 से 48 डिग्री तक पहुंच रहा है। बांदा, प्रयागराज और वाराणसी जैसे शहरों में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी दर्ज की गई है। यह बदलाव दिखाता है कि मौसम का पैटर्न तेजी से बदल रहा है और गर्मी का दायरा बढ़ता जा रहा है।
कब मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में प्री-मानसून गतिविधियां जैसे डस्ट स्टॉर्म और बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि यह राहत ज्यादा समय तक नहीं रहेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि ग्लोबल वार्मिंग और क्लाइमेट चेंज के कारण ऐसे हालात भविष्य में और आम हो सकते हैं। इसलिए जरूरी है कि लोग गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं और बदलते मौसम के अनुसार खुद को तैयार रखें।