दुनियाभर में मशहूर पॉप स्टार माइकल जैक्सन की बायोपिक ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। फिल्म में उनके भतीजे जाफर जैक्सन ने लीड रोल निभाया है, जिसकी खूब तारीफ हो रही है। फैंस का जबरदस्त सपोर्ट फिल्म को मिल रहा है, जिससे इसकी ओपनिंग काफी मजबूत रही।
भारत में पहले दिन की कमाई
भारत में फिल्म को करीब 3029 शोज मिले और ओपनिंग डे के साथ पेड प्रिव्यू मिलाकर इसने लगभग 5.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं ग्रॉस कलेक्शन करीब 6.60 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। हॉलीवुड बायोपिक फिल्मों के हिसाब से इसे अच्छी शुरुआत माना जा रहा है, क्योंकि भारत में आमतौर पर फ्रेंचाइजी फिल्मों को ज्यादा रिस्पॉन्स मिलता है।
बॉलीवुड फिल्मों पर पड़ा असर
माइकल की फिल्म की रिलीज के बाद धुरंधर 2 और भूत बंगला जैसी फिल्मों की कमाई पर असर देखने को मिला है। धुरंधर 2 ने 37वें दिन 1.55 करोड़ कमाए और कुल 1124.19 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, लेकिन अब इसकी रफ्तार धीमी पड़ती दिख रही है। वहीं भूत बंगला की रोजाना कमाई भी घटने लगी है।
दुनियाभर में शानदार कलेक्शन
वर्ल्डवाइड स्तर पर फिल्म ने पहले दिन करीब 300 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। करीब 1600 करोड़ के बजट वाली इस फिल्म के लिए यह अच्छी शुरुआत मानी जा रही है। अब सबकी नजर वीकेंड कलेक्शन पर है, जिससे तय होगा कि यह फिल्म आगे कितने रिकॉर्ड तोड़ सकती है और कितनी जल्दी अपना बजट निकाल पाएगी।