US-Iran Tensions से चमका सोना-चांदी, दिल्ली में रिकॉर्ड कीमतें, आगे और बढ़ेगी या गिरेगी कीमतों की चाल

डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सीजफायर की मियाद बढ़ाने से इनकार के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ गया है। दूसरे दौर की बातचीत की तारीख भी तय नहीं हो पाई है। निवेशकों को उम्मीद थी कि हालात सुधरेंगे, लेकिन अब अनिश्चितता बढ़ गई है। इसी वजह से बाजार में अस्थिरता देखने को मिल रही है, जिसका असर कीमती धातुओं पर साफ दिख रहा है।

दिल्ली में सोना-चांदी महंगे

देश की राजधानी नई दिल्ली में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी आई है। सोना 300 रुपए बढ़कर 1,57,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गया, जबकि चांदी 700 रुपए चढ़कर 2.58 लाख रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के मुताबिक, भू-राजनीतिक तनाव के कारण निवेशक सुरक्षित विकल्पों की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे कीमतों में उछाल आया है।

विदेशी बाजार में गिरावट

जहां घरेलू बाजार में तेजी है, वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट देखी गई। हाजिर चांदी 1.29% गिरकर 78.69 डॉलर प्रति औंस पर आ गई, जबकि सोना करीब 1% गिरकर 4,776.85 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। जानकारों का कहना है कि डॉलर मजबूत होने और वैश्विक अनिश्चितता के कारण यह गिरावट आई है, हालांकि स्थिति अभी भी अस्थिर बनी हुई है।

आगे क्या रहेगा रुख?

विशेषज्ञों के अनुसार, सोने और चांदी की कीमतों का भविष्य काफी हद तक मध्य पूर्व में चल रहे घटनाक्रम पर निर्भर करेगा। अगर अमेरिका-ईरान के बीच तनाव बढ़ता है, तो कीमतों में और तेजी आ सकती है। वहीं अगर बातचीत सफल होती है, तो बाजार में गिरावट भी देखने को मिल सकती है। फिलहाल निवेशक हर अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post