गर्मियों के मौसम में खानपान का खास ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है। तापमान बढ़ने के साथ शरीर में पानी की कमी, थकान और पाचन से जुड़ी समस्याएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में सीजनल सब्जियां और फल शरीर को ठंडक देने के साथ इम्यूनिटी मजबूत करने में मदद करते हैं। बावजूद इसके, कई लोग इन हेल्दी सब्जियों को खाना पसंद नहीं करते।
तोरई और लौकी के जबरदस्त फायदे
तोरई और लौकी जैसी सब्जियां पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं। तोरई में फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं, जो पाचन को बेहतर बनाते हैं। वहीं लौकी में भरपूर पानी, विटामिन ए, सी और पोटेशियम होता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने और दिल की सेहत के लिए फायदेमंद है।
करेला: कड़वा लेकिन सुपरफूड
करेला भले ही स्वाद में कड़वा हो, लेकिन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। इसमें विटामिन सी, आयरन, जिंक और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह ब्लड शुगर कंट्रोल करने, इम्यूनिटी बढ़ाने और शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करता है। इसे नियमित रूप से खाने से कई बीमारियों का खतरा कम हो सकता है।
टिंडा और चिचिंडा भी हैं फायदेमंद
टिंडा और चिचिंडा जैसी सब्जियां भी गर्मियों में बेहद उपयोगी होती हैं। इनमें फाइबर, विटामिन सी और अन्य जरूरी मिनरल्स होते हैं, जो पाचन सुधारने और वजन कंट्रोल करने में मदद करते हैं। ये सब्जियां शरीर को ठंडक देती हैं और गर्मी के असर से बचाने में कारगर होती हैं।