Laddu Gopal को गिफ्ट करने से पहले जान लें ये जरूरी नियम, वरना शुभ की जगह जीवन में आ सकती है परेशानी

लड्डू गोपाल को भगवान श्रीकृष्ण का बाल रूप माना जाता है और उनकी पूजा सामान्य पूजा नहीं, बल्कि सेवा मानी जाती है। जिस घर में लड्डू गोपाल की स्थापना होती है, वहां उन्हें एक छोटे बच्चे की तरह रखा जाता है- उनका स्नान, भोग, शृंगार और आराम का पूरा ध्यान रखना होता है। मान्यता है कि सच्चे मन से उनकी सेवा करने पर घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। इसलिए यह सिर्फ मूर्ति नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक है।

किसे नहीं देना चाहिए उपहार में

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, लड्डू गोपाल को किसी ऐसे व्यक्ति को उपहार में नहीं देना चाहिए जो उनकी सेवा करने में सक्षम न हो या जिसके मन में सेवा का भाव न हो। अगर कोई व्यक्ति पूजा-पाठ में रुचि नहीं रखता या नियमित रूप से सेवा नहीं कर सकता, तो उसे यह उपहार देना अशुभ माना जाता है। इससे देने वाले व्यक्ति के जीवन पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है और पुण्य के बजाय दोष लग सकता है।

किन घरों में नहीं ले जाएं

लड्डू गोपाल को ऐसे घर में कभी भी नहीं देना चाहिए जहां मांस-मदिरा का सेवन होता हो या जहां शुद्धता और सात्विकता का अभाव हो। ऐसे वातावरण में लड्डू गोपाल की स्थापना को अपमान माना जाता है। इसके अलावा, अगर आपके घर के मंदिर में पहले से लड्डू गोपाल स्थापित हैं, तो उन्हें किसी को गिफ्ट करना बिल्कुल भी सही नहीं है। ऐसा करने से घर की सुख-समृद्धि और शांति पर असर पड़ सकता है।

गिफ्ट करने के सही नियम

अगर आप लड्डू गोपाल को उपहार में देना चाहते हैं, तो नई मूर्ति खरीदकर ही दें। इसे आशीर्वाद के रूप में दिया जा सकता है, खासकर गर्भवती महिलाओं को देना शुभ माना जाता है। उपहार देते समय सामने वाले व्यक्ति को यह जरूर बताएं कि वह नियमित रूप से उनकी सेवा करे, जैसे स्नान, भोग, शृंगार और साफ-सफाई। साथ ही, सात्विक जीवनशैली अपनाने की सलाह भी दें ताकि लड्डू गोपाल की कृपा बनी रहे।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post