Kharmas खत्म, फिर गूंजेंगी शहनाइयां! जानिए अप्रैल से जुलाई तक कब-कब हैं शादी के शुभ मुहूर्त

हिंदू मान्यता के अनुसार खरमास को शुभ कार्यों के लिए ठीक नहीं माना जाता। इस दौरान शादी-विवाह, सगाई, गृह प्रवेश और नामकरण जैसे मांगलिक कार्य रोक दिए जाते हैं। अभी तक सूर्य देव मीन राशि में होने के कारण ये कार्य बंद थे, लेकिन 14 अप्रैल को सूर्य के मेष राशि में प्रवेश करते ही खरमास समाप्त हो जाएगा और शुभ कामों की शुरुआत फिर से हो जाएगी।

कब होगा सूर्य का मेष राशि में प्रवेश

14 अप्रैल को सुबह 09 बजकर 38 मिनट पर सूर्य देव मीन राशि से निकलकर मेष राशि में प्रवेश करेंगे। इसी के साथ मेष संक्रांति का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन बैसाखी का त्योहार भी मनाया जाता है, जो नए शुभ कार्यों की शुरुआत का संकेत देता है।

अप्रैल से जुलाई तक विवाह मुहूर्त

खरमास खत्म होने के बाद 15 अप्रैल से विवाह के मुहूर्त शुरू हो जाएंगे। अप्रैल, मई और जून में 8-8 शुभ दिन हैं, जबकि जुलाई में 4 मुहूर्त मिलेंगे। अप्रैल में खास तारीखें हैं- 15, 20, 21, 25, 26, 27, 28 और 29 अप्रैल। इसके अलावा 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया का अबूझ मुहूर्त है, जिसमें बिना पंचांग देखे भी विवाह किया जा सकता है।

चातुर्मास में फिर लगेगा विराम

जुलाई के बाद एक बार फिर विवाह पर रोक लग जाएगी। 25 जुलाई से चातुर्मास शुरू होगा, जो 21 नवंबर 2026 तक चलेगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दौरान भगवान विष्णु विश्राम करते हैं, इसलिए इन चार महीनों में शादी-विवाह जैसे शुभ कार्य नहीं किए जाते। इसलिए जो लोग विवाह की योजना बना रहे हैं, उनके लिए अप्रैल से जुलाई का समय सबसे उपयुक्त माना जा रहा है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post