बॉलीवुड के अक्षय कुमार और डायरेक्टर प्रियदर्शन की हिट जोड़ी एक बार फिर ‘भूत बंगला’ के साथ वापसी कर रही है। करीब 16 साल बाद दोनों साथ काम कर रहे हैं, जिससे फैंस की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। यह फिल्म हॉरर-कॉमेडी है और 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
एडवांस बुकिंग और पेड प्रीव्यू शुरू
फिल्म रिलीज से पहले ही मेकर्स ने एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है। खास बात यह है कि 16 अप्रैल को रात 9 बजे के बाद बड़े शहरों में पेड प्रीव्यू शोज भी रखे गए हैं। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, पुणे, कोलकाता जैसे शहरों में दर्शक फिल्म को रिलीज से पहले देख सकते हैं। जो फैंस पहले दिन भीड़ से बचना चाहते हैं, उनके लिए यह शानदार मौका है।
पहले भी ट्रेंड में रहे पेड प्रीव्यू शोज
‘भूत बंगला’ से पहले रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ के लिए भी इसी तरह पेड प्रीव्यू शो रखे गए थे। उस फिल्म को रिलीज से एक दिन पहले दर्शकों ने खासा रिस्पॉन्स दिया था। अब मेकर्स ने उसी ट्रेंड को अपनाते हुए ‘भूत बंगला’ के लिए भी यह रणनीति अपनाई है, जिससे ओपनिंग को मजबूत बनाया जा सके।
स्टारकास्ट और फिल्म की लंबाई
इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ तब्बू, परेश रावल, राजपाल यादव, असरानी और वामिका गब्बी नजर आएंगी। फिल्म को एकता कपूर और शोभा कपूर ने प्रोड्यूस किया है। ‘भूत बंगला’ का रनटाइम करीब 2 घंटे 54 मिनट है, यानी दर्शकों को लंबा एंटरटेनमेंट मिलने वाला है।