हम अक्सर सोचते हैं कि नमक सिर्फ नमकीन चीजों में होता है, लेकिन ऐसा नहीं है। कई ऐसी चीजें हैं जो देखने में हेल्दी लगती हैं, लेकिन उनमें भी छुपा हुआ नमक यानी “हिडन सोडियम” होता है। यह धीरे-धीरे शरीर में असर करता है और बिना पता चले ब्लड प्रेशर और दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ा सकता है। खासतौर पर जिन लोगों को पहले से हाई बीपी या हार्ट की समस्या है, उनके लिए यह ज्यादा खतरनाक हो सकता है।
ब्रेड में भी होता है ज्यादा नमक
अक्सर लोग ब्रेड को हल्का और हेल्दी नाश्ता मानते हैं, लेकिन इसमें भी अच्छी-खासी मात्रा में सोडियम होता है। एक स्लाइस ब्रेड में लगभग 150 से 230 मिलीग्राम तक सोडियम हो सकता है। चूंकि लोग ब्रेड को रोज और ज्यादा मात्रा में खाते हैं, इसलिए यह शरीर में सोडियम का स्तर बढ़ा सकता है। यही कारण है कि बीपी के मरीजों को ब्रेड का सेवन सीमित करना चाहिए।
ब्रेकफास्ट सीरियल भी पूरी तरह से सुरक्षित नहीं
सुबह के नाश्ते में खाए जाने वाले ब्रेकफास्ट सीरियल भी पूरी तरह से सुरक्षित नहीं हैं। इनमें भी नमक की मात्रा होती है, जो अधिक सेवन करने पर नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए जरूरी है कि किसी भी पैकेज्ड फूड को खरीदते समय उसके लेबल पर सोडियम की मात्रा जरूर देखें। इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि आप दिनभर में कितना नमक ले रहे हैं।
कितना नमक है सही और कितना नुकसानदेह
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, एक व्यक्ति को दिनभर में 5 ग्राम से ज्यादा नमक नहीं खाना चाहिए। लेकिन हिडन सोडियम के कारण लोग अनजाने में इससे ज्यादा नमक ले लेते हैं। ज्यादा नमक शरीर में सोडियम का स्तर बढ़ाता है, जिससे ब्लड प्रेशर हाई हो सकता है और दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए संतुलित मात्रा में नमक लेना बेहद जरूरी है।