Sprouts हेल्दी या खतरा? सही तरीके से न खाएं तो फायदे की जगह पड़ सकते हैं बीमार, जानें जरूरी सावधानियां

स्प्राउट्स यानी अंकुरित अनाज जैसे मूंग, चना और मेथी दाना, सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं। इनमें प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स भरपूर मात्रा में होते हैं। साथ ही ये लो कैलोरी होते हैं, जिससे वजन कंट्रोल में भी मदद मिलती है और शरीर में दिनभर एनर्जी बनी रहती है।

गलत तरीके से खाए तो नुकसान

अगर स्प्राउट्स को सही तरीके से न बनाया जाए, तो ये नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। गंदे या ठीक से साफ न किए गए अनाज में बैक्टीरिया पनप सकते हैं। रिसर्च के मुताबिक दूषित स्प्राउट्स खाने से दस्त, उल्टी, पेचिश और टाइफाइड जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए इन्हें बनाने से पहले अच्छी तरह धोना जरूरी है।

बैक्टीरिया से बचने का सही तरीका

स्प्राउट्स बनने के लिए गर्म और नम माहौल चाहिए, जो साल्मोनेला और ई.कोलाई जैसे बैक्टीरिया के लिए भी अनुकूल होता है। केवल धोने से ये पूरी तरह खत्म नहीं होते। बेहतर है कि स्प्राउट्स को हल्का स्टीम या ब्लांच करके खाएं, जिससे ये सुरक्षित और पचने में आसान हो जाते हैं।

खाने का सही समय और सावधानियां

स्प्राउट्स हमेशा ताजे ही खाएं और 2-3 दिन से ज्यादा स्टोर न करें। अगर इनमें से बदबू या चिपचिपाहट आए तो इन्हें न खाएं। पैक्ड स्प्राउट्स से भी बचें। इन्हें सुबह या मिड-स्नैक में खाना बेहतर होता है, क्योंकि रात में ये गैस और ब्लोटिंग की समस्या बढ़ा सकते हैं।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post