घुटना मोड़ते या सीधा करते समय “कट-कट” या “चटक” की आवाज आना आम बात हो सकती है। डॉक्टर इसे Crepitus कहते हैं। यह आवाज हड्डियों, लिगामेंट या जोड़ों के मूवमेंट के दौरान बनती है। कई बार सीढ़ियां चढ़ते-उतरते या अचानक बैठने-उठने पर भी यह सुनाई देती है। अच्छी बात यह है कि ज्यादातर मामलों में यह सामान्य होता है और किसी गंभीर बीमारी का संकेत नहीं देता।
बिना दर्द हो तो घबराएं नहीं
अगर घुटने से आवाज आ रही है लेकिन दर्द, सूजन या जकड़न नहीं है, तो आमतौर पर चिंता की जरूरत नहीं होती। रिसर्च में भी पाया गया है कि सिर्फ आवाज आने से आपकी रोजमर्रा की जिंदगी पर ज्यादा असर नहीं पड़ता। कई लोगों को बिना किसी तकलीफ के भी यह समस्या होती है। ऐसे में यह शरीर की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा माना जाता है।
इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें
अगर आवाज के साथ दर्द, सूजन, घुटने में जकड़न या चलने-फिरने में परेशानी हो, तो यह Osteoarthritis जैसी समस्या का संकेत हो सकता है। इसके अलावा मांसपेशियों की कमजोरी या घुटने का अस्थिर महसूस होना भी खतरे की निशानी है। ऐसे मामलों में डॉक्टर से जांच कराना जरूरी होता है, ताकि सही कारण का पता लगाया जा सके और समय पर इलाज शुरू हो सके।
इलाज और सावधानी क्या है
सिर्फ आवाज आने का मतलब यह नहीं कि आपको घुटना बदलवाना पड़ेगा। घुटना रिप्लेसमेंट तभी किया जाता है जब दर्द बहुत ज्यादा हो और अन्य इलाज काम न करें। शुरुआत में वजन कंट्रोल, नियमित एक्सरसाइज, फिजियोथेरेपी और दवाओं से काफी राहत मिल सकती है। इसलिए अगर केवल आवाज आ रही है और दर्द नहीं है, तो घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लक्षण बढ़ें तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।