चिया सीड्स और सब्जा सीड्स छोटे जरूर होते हैं, लेकिन पोषण से भरपूर होते हैं। इनमें प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम, फास्फोरस और जिंक जैसे जरूरी तत्व पाए जाते हैं। सब्जा सीड्स, जिन्हें तुकमारिया या बेसिल सीड्स भी कहा जाता है, इनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड (अल्फा-लिनोलेनिक एसिड) भी मौजूद होता है। गर्मियों में ये शरीर को ठंडक देने के साथ पाचन और दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद माने जाते हैं।
कैसे खाएं ये सीड्स सही तरीके से
चिया और सब्जा सीड्स को खाने का सबसे सही तरीका है इन्हें भिगोकर खाना। रात में पानी में भिगोने के बाद ये जेल जैसे बन जाते हैं। सुबह इन्हें एक गिलास पानी में मिलाकर पी सकते हैं, चाहें तो इसमें नींबू का रस भी डाल सकते हैं। इसके अलावा आप इन्हें दही, स्मूदी, पुडिंग या नारियल पानी में मिलाकर भी खा सकते हैं। इस तरह ये शरीर को हाइड्रेट रखने और डिटॉक्स में मदद करते हैं।
खाने में ये गलती बिल्कुल न करें
सबसे बड़ी गलती है इन बीजों को बिना भिगोए खाना। सूखे चिया या सब्जा सीड्स सीधे खाने से गले में फंसने का खतरा रहता है और पाचन संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं। हमेशा इन्हें पानी में अच्छी तरह भिगोकर ही खाएं। साथ ही रोजाना 2 चम्मच (भीगे हुए) से ज्यादा सेवन नहीं करना चाहिए, वरना पेट में गड़बड़ी हो सकती है।
किन लोगों को रहना चाहिए सावधान
अगर आप किसी बीमारी से जूझ रहे हैं या कोई दवा ले रहे हैं, तो इन सीड्स को डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें। खासतौर पर किडनी से जुड़ी समस्याओं वाले लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। इसके अलावा जिन लोगों को तिल या मूंगफली से एलर्जी है, उन्हें भी चिया या सब्जा से एलर्जी हो सकती है। ऐसे में एक्सपर्ट की सलाह लेना जरूरी है।