कोलंबिया में एक बड़ा सैन्य हादसा सामने आया है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, C-130 हरक्यूलिस विमान टेकऑफ के दौरान पोर्टो लेगुइजामो के पास क्रैश हो गया। इस विमान में करीब 110 सैनिक सवार थे और यह पेरू सीमा के पास उड़ान भर रहा था।
राहत-बचाव जारी, 20 घायल निकाले
हादसे के बाद मौके पर तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। अब तक लगभग 20 घायल सैनिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। स्थानीय मीडिया की तस्वीरों में हादसे वाली जगह से धुआं उठता दिखा, जबकि सेना के ट्रक लगातार मौके पर पहुंचते नजर आए।
हादसे की वजह अब तक साफ नहीं
अधिकारियों के मुताबिक, इस दुर्घटना की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। विमान शहर से करीब 3 किलोमीटर दूर गिरा। लॉकहीड मार्टिन, जो इस विमान का निर्माण करती है, ने अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
राष्ट्रपति ने जताया दुख
गुस्तावो पेट्रो ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि उम्मीद है ज्यादा जनहानि नहीं हुई होगी। उन्होंने सेना के आधुनिकीकरण में देरी पर भी सवाल उठाए। बता दें कि C-130 हरक्यूलिस विमान 1950 के दशक के हैं, जिन्हें बाद में अपग्रेड किया गया था।