Commercial LPG पर बड़ी राहत, सरकार ने बढ़ाया 20% कोटा, लेकिन PNG अनिवार्य शर्त से व्यापारियों पर बढ़ा दबाव

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कमर्शियल LPG उपभोक्ताओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। लंबे समय से चल रहे गैस संकट के बीच सरकार ने 23 मार्च 2026 से गैस कोटे में 20% की अतिरिक्त बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। इस फैसले के बाद कुल गैस आवंटन अब संकट से पहले के स्तर के करीब 50% तक पहुंच जाएगा, जिससे बाजार में राहत मिलने की उम्मीद है।

किन लोगों को मिलेगा फायदा

इस अतिरिक्त गैस का सबसे ज्यादा फायदा आम लोगों से जुड़े सेक्टर को मिलेगा। इसमें रेस्टोरेंट, ढाबे, होटल, औद्योगिक कैंटीन और फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स शामिल हैं। इसके अलावा सरकारी रियायती कैंटीन और कम्युनिटी किचन को भी प्राथमिकता दी जाएगी। प्रवासी मजदूरों के लिए छोटे 5 किलो के सिलेंडर की सप्लाई भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उनकी जरूरतें पूरी हो सकें।

अब 50% तक पहुंचा गैस कोटा

पहले गैस संकट के दौरान राज्यों को सिर्फ 20% कोटा मिल रहा था। इसके बाद हाल ही में PNG सुधार लागू करने वाले राज्यों को 10% अतिरिक्त कोटा दिया गया। अब नए 20% को जोड़ने के बाद कुल गैस आवंटन 50% तक पहुंच गया है। इससे उम्मीद है कि कमर्शियल गैस की कमी काफी हद तक दूर होगी और छोटे कारोबारियों को राहत मिलेगी।

PNG कनेक्शन जरूरी शर्त

सरकार ने राहत के साथ सख्त नियम भी लागू किए हैं। कमर्शियल गैस लेने के लिए सभी उपभोक्ताओं को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों में रजिस्ट्रेशन कराना होगा। साथ ही पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) के लिए आवेदन करना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना PNG के लिए अप्लाई किए कोई भी उपभोक्ता बढ़े हुए LPG कोटे का लाभ नहीं ले पाएगा। इससे साफ है कि सरकार धीरे-धीरे LPG से PNG की ओर शिफ्ट को बढ़ावा देना चाहती है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post