बॉलीवुड के मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह इन दिनों अपने गाने ‘टिटरी’ को लेकर विवादों में घिरे हुए थे, लेकिन अब उन्हें बड़ी राहत मिली है। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान हरियाणा पुलिस ने साफ किया कि बादशाह जांच में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में फिलहाल उनकी गिरफ्तारी की कोई जरूरत नहीं है। इस खबर के सामने आते ही सिंगर और उनके फैंस ने राहत की सांस ली है, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से उनकी गिरफ्तारी की आशंका बनी हुई थी।
पुलिस ने कोर्ट में क्या बताया
सुनवाई के दौरान हरियाणा पुलिस ने कोर्ट को यह भी जानकारी दी कि बादशाह के खिलाफ जारी लुकआउट नोटिस को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दरअसल, बादशाह ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर इस नोटिस को रद्द करने की मांग की थी। साथ ही उन्होंने हरियाणा महिला आयोग की कार्रवाई पर भी रोक लगाने की अपील की थी। पुलिस के इस रुख के बाद मामला अब कुछ हद तक शांत होता नजर आ रहा है।
‘टिटरी’ गाने से शुरू हुआ विवाद
पूरा विवाद बादशाह के रैप सॉन्ग ‘टिटरी’ के रिलीज होने के बाद शुरू हुआ था। गाना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, लेकिन इसके साथ ही इसके कुछ शब्दों को लेकर विरोध भी सामने आने लगा। कई लोगों ने इस गाने को आपत्तिजनक बताया, जिसके चलते हरियाणा में उनके खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की गईं। इस मामले ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया और सिंगर को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा।
विवाद के बाद मांगी थी माफी
विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने खुद सामने आकर सफाई दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करते हुए कहा था कि उन्हें गाने के कुछ हिस्सों को लेकर हो रहे विरोध की जानकारी बाद में मिली। इसके बाद उन्होंने लोगों से माफी भी मांगी और कहा कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था। अब कोर्ट से मिली राहत के बाद मामला धीरे-धीरे शांत होता दिख रहा है।