चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हर साल चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से होती है। इस बार यह पर्व 19 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च तक चलेगा, जिसका समापन राम नवमी के दिन होगा। इन नौ दिनों में भक्त माता दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा करते हैं और व्रत रखकर भक्ति में लीन रहते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दौरान मां दुर्गा धरती पर आकर अपने भक्तों के दुख दूर करती हैं और उन्हें आशीर्वाद देती हैं।
नवरात्रि से पहले तैयारी क्यों जरूरी
नवरात्रि को सिर्फ पूजा का ही नहीं, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा और नई शुरुआत का पर्व भी माना जाता है। इस दौरान घर की साफ-सफाई, पूजा की तैयारी और शुभ वस्तुओं का आगमन बेहद महत्वपूर्ण होता है। मान्यता है कि नवरात्रि से पहले कुछ खास चीजें घर में लाने से सुख-समृद्धि बढ़ती है और देवी की कृपा जल्दी प्राप्त होती है। इसलिए लोग इस पर्व से पहले अपने घर को सजाते हैं और धार्मिक वस्तुएं खरीदकर रखते हैं।
ये चीजें घर लाना माना जाता है शुभ
नवरात्रि से पहले घर में तुलसी का पौधा लाना बेहद शुभ माना जाता है। इससे घर में सौभाग्य और समृद्धि आती है। मुख्य द्वार पर बंदनवार लगाने से सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है और घर का वातावरण पवित्र बनता है। इसके अलावा नारियल भी जरूर लाना चाहिए, क्योंकि यह कलश स्थापना में उपयोग होता है और इसे शुभता का प्रतीक माना जाता है। इसी तरह पूजा के लिए कलश लाना भी आवश्यक होता है, क्योंकि इसके बिना नवरात्रि की पूजा अधूरी मानी जाती है।
मोर पंख और शंख का महत्व
नवरात्रि से पहले घर में मोर पंख और शंख लाना भी बहुत शुभ माना गया है। मोर पंख को सकारात्मक ऊर्जा और बुरी शक्तियों से रक्षा का प्रतीक माना जाता है। वहीं शंख को घर में रखने और पूजा में इस्तेमाल करने से वातावरण शुद्ध होता है और देवी-देवताओं की कृपा बनी रहती है। इन सभी चीजों को नवरात्रि से पहले घर लाने से पूजा का फल कई गुना बढ़ जाता है और घर में सुख-शांति बनी रहती है।