ममता बनर्जी की अगुवाई वाली अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने कुल 294 में से 291 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। बाकी 3 सीटें दार्जिलिंग हिल्स क्षेत्र में सहयोगी दल भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा को दी गई हैं। इस ऐलान के साथ ही राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
महिलाओं और वर्गों को मिला मौका
इस बार TMC ने सामाजिक संतुलन पर खास ध्यान दिया है। पार्टी ने 52 महिलाओं, 47 अल्पसंख्यक और 95 एससी-एसटी समुदाय के उम्मीदवारों को टिकट दिया है। कुल 239 पुरुष और 52 महिला उम्मीदवार मैदान में होंगे। इसके अलावा 149 जनरल और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवार भी शामिल हैं। ममता बनर्जी ने भरोसा जताया है कि पार्टी इस बार 226 से ज्यादा सीटें जीतकर फिर से सत्ता में लौटेगी।
कई नेताओं के टिकट कटे
इस चुनाव में बड़ा बदलाव करते हुए पार्टी ने 74 विधायकों का टिकट काट दिया है, जबकि 135 को दोबारा मौका दिया गया है। 15 विधायकों की सीट बदली गई है। पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी को भी इस बार टिकट नहीं मिला, जो काफी चर्चा में है। इसके अलावा कई अन्य नेताओं को भी बाहर का रास्ता दिखाया गया है। ममता बनर्जी ने कहा कि जिन्हें टिकट नहीं मिला, उन्हें संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी।
नंदीग्राम समेत कई सीटों पर मुकाबला दिलचस्प
इस बार कई सीटों पर मुकाबला काफी रोचक होने वाला है। नंदीग्राम सीट पर TMC ने सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ पवित्र कर को उतारा है, जो हाल ही में पार्टी में शामिल हुए हैं। वहीं, कुणाल घोष, त्रिनांकुर भट्टाचार्य और ऋतब्रत बनर्जी जैसे नेताओं को भी टिकट दिया गया है। नए चेहरों को मौका देकर TMC ने साफ संकेत दिया है कि वह बदलाव के साथ चुनाव में उतर रही है।