IPL 2026 में रोहित शर्मा का बदलेगा रोल, इम्पैक्ट प्लेयर नहीं बनेंगे, मैदान पर दिखेगा पूरा दम और अनुभव

रोहित शर्मा आईपीएल 2026 की तैयारियों में पूरी मेहनत से जुटे हुए हैं। हाल ही में उनके प्रैक्टिस से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें उनकी फिटनेस और बल्लेबाजी की झलक साफ दिखती है। मुंबई इंडियंस द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में वह शार्दुल ठाकुर की गेंद पर शानदार छक्का लगाते नजर आ रहे हैं। इससे साफ है कि रोहित इस सीजन में दमदार प्रदर्शन के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

इम्पैक्ट प्लेयर नहीं होंगे रोहित

मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने रोहित शर्मा की भूमिका को लेकर स्थिति साफ कर दी है। उन्होंने बताया कि रोहित इस बार इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर नहीं खेलेंगे। बल्कि टीम की कोशिश होगी कि वह ज्यादा से ज्यादा समय मैदान पर रहें और अपनी मौजूदगी से टीम को मजबूती दें। पिछले सीजन में फिटनेस से जुड़ी कुछ समस्याओं के कारण उनका वर्कलोड मैनेज करना पड़ा था, लेकिन इस बार स्थिति अलग रहने वाली है।

टीम कॉम्बिनेशन पर रहेगा फोकस

जयवर्धने ने यह भी कहा कि टीम इस सीजन में संतुलन और मैच की स्थिति के अनुसार रणनीति बनाएगी। रोहित शर्मा मैदान पर रहकर न सिर्फ बल्लेबाजी बल्कि अपनी कप्तानी अनुभव और मार्गदर्शन से भी टीम को फायदा पहुंचाएंगे। उनका अनुभव टीम के युवा खिलाड़ियों के लिए भी काफी अहम साबित होगा। ऐसे में आईपीएल 2026 में उनका रोल और भी ज्यादा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुंबई इंडियंस के सबसे सफल बल्लेबाज

रोहित शर्मा इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपने करियर में 272 मैचों की 267 पारियों में 7046 रन बनाए हैं, जिसमें से करीब 6000 रन सिर्फ मुंबई इंडियंस के लिए आए हैं। रोहित 2011 से टीम का हिस्सा हैं और टीम को 5 बार खिताब जिताने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। यही वजह है कि इस सीजन में भी उनसे बड़ी उम्मीदें की जा रही हैं।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post