आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज हर्षित राणा पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। उनकी चोट इतनी गंभीर है कि वह इस साल आईपीएल में एक भी मैच नहीं खेल पाएंगे। हालांकि हैरानी की बात यह है कि आईपीएल में हिस्सा न लेने के बावजूद उन्हें उनकी पूरी सैलरी मिलने वाली है। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में उनकी सैलरी 4 करोड़ रुपये तय थी और यह रकम उन्हें पूरी मिलेगी। इससे KKR की गेंदबाजी लाइन-अप को बड़ा नुकसान माना जा रहा है।
वॉर्म-अप मैच में लगी थी गंभीर चोट
दरअसल हर्षित राणा को चोट आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप से पहले खेले गए वॉर्म-अप मैच के दौरान लगी थी। यह मैच दक्षिण अफ़्रीका में खेला जा रहा था और गेंदबाजी करते समय उन्हें यह चोट लगी। चोट लगने के बाद वह वर्ल्ड कप से भी बाहर हो गए थे। बाद में उन्होंने सर्जरी कराई, लेकिन अभी तक वह पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं। इसी वजह से उन्होंने आईपीएल 2026 से भी अपना नाम वापस लेने का फैसला किया।
बिना खेले भी मिलेंगे पूरे 4 करोड़ रुपये
भले ही हर्षित राणा आईपीएल 2026 में नहीं खेलेंगे, लेकिन उन्हें 4 करोड़ रुपये की पूरी सैलरी मिलेगी। यह रकम KKR नहीं बल्कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI की इंश्योरेंस पॉलिसी के तहत दी जाएगी। BCCI के नियमों के मुताबिक अगर सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट वाला कोई खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम के दौरान चोटिल होकर पूरे आईपीएल सीजन से बाहर हो जाता है, तो उसकी सैलरी बोर्ड की इंश्योरेंस से कवर की जाती है। यह नियम साल 2011 से लागू है और अभी भी जारी है।
KKR के लिए 34 मैचों में 40 विकेट
हर्षित राणा पिछले कुछ सीजन से कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए लगातार खेलते रहे हैं। उन्होंने अब तक टीम के लिए 34 मैच खेले हैं और इन मुकाबलों में 40 विकेट अपने नाम किए हैं। उनकी तेज गेंदबाजी KKR के लिए काफी अहम मानी जाती रही है। दिलचस्प बात यह है कि उनके बाहर होने की खबर उस समय आई जब टीम ने ब्लेसिंग मुजरबानी को मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया था। अब KKR को हर्षित राणा की जगह भी नया विकल्प तलाशना पड़ेगा, जो टीम के लिए नई चुनौती बन सकती है।