इन दिनों हर तरफ धुरंधर की चर्चा सुनाई दे रही है। रणवीर सिंह की इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है और इसे बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट माना जा रहा है। वहीं फिल्म के निर्देशक आदित्य धर की मेहनत भी चर्चा में है। लेकिन इसी बीच ओटीटी की दुनिया में एक दूसरी हिंदी फिल्म धीरे-धीरे सुर्खियां बटोर रही है। यह फिल्म है अक्यूस्ड, जिसने Netflix पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
नेटफ्लिक्स ग्लोबल टॉप-10 में नंबर वन
हाल ही में रिलीज हुई यह साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म तेजी से लोकप्रिय हो रही है। अक्यूस्ड ने नेटफ्लिक्स की ग्लोबल टॉप-10 नॉन-इंग्लिश फिल्मों की सूची में पहला स्थान हासिल कर लिया है। खास बात यह है कि यह फिल्म 74 देशों में ट्रेंड करते हुए नंबर-1 पर पहुंचने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल हो गई है। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इतनी बड़ी सफलता हासिल करना किसी भी फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है। इसी वजह से फिल्म अब सोशल मीडिया और दर्शकों के बीच लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है।
लेजबियन कपल की कहानी में बड़ा ट्विस्ट
फिल्म की कहानी दो महिला डॉक्टरों के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें कोंकणा सेन शर्मा और प्रतिभा रांटा मुख्य भूमिका में नजर आती हैं। फिल्म में मीरा और गीतिका नाम की एक लेजबियन कपल की जिंदगी दिखाई गई है। कहानी तब बड़ा मोड़ लेती है, जब गीतिका के किरदार पर एक मरीज के यौन उत्पीड़न का आरोप लग जाता है। इसके बाद पूरी कहानी कई ट्विस्ट और टर्न के साथ आगे बढ़ती है। यही रहस्य और तनाव दर्शकों को फिल्म से जोड़े रखता है और अंत तक कहानी को दिलचस्प बनाता है।
दमदार एक्टिंग ने जीता दर्शकों का दिल
फिल्म में दोनों कलाकारों की एक्टिंग की खूब तारीफ हो रही है। खासतौर पर कोंकणा सेन शर्मा ने अपने किरदार में जबरदस्त गहराई दिखाई है। वहीं मीरा के रोल में प्रतिभा रांटा का अभिनय भी दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। नेटफ्लिक्स की ऑफिशियल वीकली व्यूज लिस्ट के अनुसार रिलीज के दूसरे हफ्ते में फिल्म को करीब 13.5 मिलियन वॉच आवर्स मिले हैं और लगभग 7.6 मिलियन व्यूज दर्ज किए गए हैं। यह आंकड़े दिखाते हैं कि फिल्म को दुनिया भर में दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और ओटीटी पर इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है।