आईपीएल के 19वें सीजन का इंतजार कर रहे क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का शेड्यूल जल्द ही जारी किया जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि अगले 2 से 3 दिनों में आईपीएल 2026 के मैचों की तारीखों का ऐलान कर दिया जाएगा। हालांकि इस बार पूरा शेड्यूल एक साथ जारी नहीं किया जाएगा। लीग का आगाज 28 मार्च 2026 से होने वाला है, जिससे फैंस का उत्साह और भी बढ़ गया है।
पहले 20 दिन के मैचों का ही होगा ऐलान
BCCI ने साफ किया है कि शुरुआती दौर में केवल पहले 20 दिनों के मुकाबलों का ही शेड्यूल जारी किया जाएगा। इसके बाद आगे के मैचों की तारीखें लीग के दौरान ही घोषित की जाएंगी। आमतौर पर आईपीएल का पूरा कार्यक्रम एक साथ जारी किया जाता है, लेकिन इस बार परिस्थितियां थोड़ी अलग हैं। बोर्ड चाहता है कि शुरुआती मैचों का कार्यक्रम तय करके बाकी मुकाबलों की तारीखें बाद में परिस्थितियों के अनुसार तय की जाएं।
चुनावों की वजह से बदला शेड्यूल का प्लान
दरअसल, आईपीएल 2026 के दौरान कुछ राज्यों में चुनाव होने की संभावना है। इसी वजह से BCCI को पूरा शेड्यूल एक साथ जारी करने में सावधानी बरतनी पड़ रही है। खबर है कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अप्रैल के महीने में चुनाव हो सकते हैं। हालांकि चुनाव आयोग की ओर से अभी तक चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। BCCI इन्हीं तारीखों का इंतजार कर रही है ताकि मैचों की योजना उसी हिसाब से बनाई जा सके।
10 टीमों ने शुरू कर दी तैयारी
आईपीएल 2026 के लिए सभी 10 टीमों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चेन्नई सुपर किंग्स का ट्रेनिंग कैंप चेन्नई में लगा हुआ है, जहां दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी भी अभ्यास कर रहे हैं। वहीं पंजाब किंग्स ने धर्मशाला में अपना कैंप लगाया है। इसके अलावा राजस्थान रॉयल्स ने भी पिछले महीने से ही अभ्यास शुरू कर दिया है। पिछले सीजन की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सामने इस बार खिताब बचाने की बड़ी चुनौती होगी।