Nitish Kumar जाएंगे राज्यसभा, बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री तय, JDU बैठक में बड़ा फैसला

बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरकारी आवास पर हुई जनता दल (यूनाइटेड) की अहम बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे. साथ ही उनके बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री का रास्ता भी साफ हो गया है. जानकारी के मुताबिक निशांत कुमार कल JDU की सदस्यता ग्रहण करेंगे और सक्रिय राजनीति की शुरुआत करेंगे.

विधायकों को नीतीश का भरोसा

बैठक के दौरान नीतीश कुमार ने विधायकों और सांसदों को भरोसा दिलाया कि उनके राज्यसभा जाने से बिहार के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा. उन्होंने कहा कि वह दिल्ली में रहकर भी बिहार के विकास कार्यों पर नजर रखेंगे. JDU नेता नीरज कुमार ने बताया कि पार्टी के सभी सांसद, मंत्री और विधायक नीतीश कुमार के फैसले के साथ खड़े हैं. उनका कहना था कि नीतीश कुमार ने ही पार्टी को खड़ा किया है, इसलिए सभी नेता उनके फैसले का समर्थन कर रहे हैं.

निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री

बैठक में यह भी तय किया गया कि निशांत कुमार अब सक्रिय राजनीति में कदम रखेंगे. पार्टी नेताओं ने उनके फैसले का स्वागत किया है. JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने भी इस फैसले की पुष्टि की. बताया गया कि निशांत कुमार पार्टी की सदस्यता लेने के बाद पूरे बिहार का दौरा करेंगे और संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे.

बिहार की राजनीति में नया अध्याय

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक यह फैसला बिहार की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत है. चर्चा यह भी है कि आने वाले समय में निशांत कुमार को सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है. वहीं नीतीश कुमार अब राष्ट्रीय राजनीति पर ज्यादा ध्यान दे सकते हैं. बताया जा रहा है कि दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में अमित शाह समेत NDA के कई बड़े नेता भी मौजूद रह सकते हैं. ऐसे में अब सबकी नजर निशांत कुमार के औपचारिक राजनीतिक प्रवेश पर टिकी हुई है.

The Hindi Post
Author: The Hindi Post