Indian Ocean में बड़ा सैन्य टकराव, अमेरिकी पनडुब्बी ने ईरानी युद्धपोत IRIS डेना डुबोया, 87 मौतें

हिंद महासागर में श्रीलंका के दक्षिणी तट के पास एक बड़ा सैन्य घटनाक्रम सामने आया है। अमेरिकी पनडुब्बी ने ईरान के युद्धपोत IRIS देना पर टॉरपीडो से हमला कर उसे डुबो दिया। इस हमले में कम से कम 87 लोगों की मौत हो गई है। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने पुष्टि की कि यह कार्रवाई अमेरिकी पनडुब्बी द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली बार अमेरिका ने किसी दुश्मन जहाज को टॉरपीडो से निशाना बनाकर डुबोया है। यह घटना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सैन्य कार्रवाई मानी जा रही है।

श्रीलंका का बचाव अभियान

श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिथा हेरथ ने संसद में बताया कि उनकी नौसेना को सूचना मिली थी कि 180 लोगों को लेकर जा रहा ईरानी युद्धपोत संकट में है। इसके बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। नौसेना और वायुसेना के जहाजों को घटनास्थल पर भेजा गया। नौसेना प्रवक्ता कमांडर बुद्धिका संपथ के अनुसार जब तक टीमें वहां पहुंचीं, तब तक जहाज पूरी तरह डूब चुका था। समुद्र में सिर्फ तेल के धब्बे और लाइफ राफ्ट दिखाई दे रहे थे। पानी में तैर रहे 32 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

मृतक और घायलों की स्थिति

श्रीलंका की नौसेना ने अब तक 87 शव बरामद किए हैं, जबकि 32 लोगों को बचाया गया है। सभी घायलों को दक्षिणी शहर गाले के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. अनिल जसिंघे के अनुसार एक व्यक्ति की हालत गंभीर है, सात अन्य का इलाज चल रहा है और बाकी को मामूली चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि युद्धपोत पर कुल 180 लोग सवार थे। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है और बाकी लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

IRIS डेना की पृष्ठभूमि और बढ़ता तनाव

IRIS Dena मौदगे श्रेणी का एक आधुनिक फ्रिगेट था, जो गहरे समुद्र में गश्त करने में सक्षम था। यह भारी तोपों, सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों, जहाज-रोधी मिसाइलों और टॉरपीडो से लैस था तथा इसमें एक हेलीकॉप्टर भी तैनात रहता था। वर्ष 2023 में यह दो जहाजों के अंतरराष्ट्रीय दौरे का हिस्सा रहा था। इसके साथ सहायक जहाज IRIS Makran भी था। अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि चल रहे संघर्ष में अब तक 17 ईरानी नौसैनिक जहाज डूब चुके हैं। इस घटना ने क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा दिया है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post