Stampede के साए के बीच आरसीबी की घर वापसी, आईपीएल 2026 में चिन्नास्वामी में पांच मैच, दो रायपुर शिफ्ट

आईपीएल चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने बड़ा ऐलान करते हुए साफ कर दिया है कि टीम आईपीएल 2026 में अपने पारंपरिक घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी। फ्रेंचाइजी ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि बेंगलुरु में कुल पांच घरेलू मैच आयोजित किए जाएंगे। वहीं बाकी दो घरेलू मुकाबले रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होंगे। इस फैसले के साथ ही उन अटकलों पर विराम लग गया है, जिनमें कहा जा रहा था कि क्या टीम दोबारा चिन्नास्वामी में खेलेगी या नहीं।

भगदड़ के बाद उठे थे सवाल

गौरतलब है कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ की घटना में 11 फैंस की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद सुरक्षा इंतजामों और आयोजन क्षमता पर कई सवाल खड़े हुए थे। यहां तक कि रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और महाराजा ट्रॉफी जैसे बड़े घरेलू टूर्नामेंटों के मैच भी इस मैदान पर आयोजित नहीं किए गए। ऐसे में यह संशय बना हुआ था कि क्या आरसीबी दोबारा अपने घरेलू मैदान पर लौटेगी। अब फ्रेंचाइजी के आधिकारिक बयान ने स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है।

सरकार और संघ से मिली हरी झंडी

आरसीबी ने अपने बयान में कहा कि यह फैसला महीनों की बातचीत और कड़ी मेहनत के बाद लिया गया है। कर्नाटक सरकार, कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ और कर्नाटक पुलिस के साथ विस्तृत चर्चा के बाद ही मैचों की मेजबानी को मंजूरी मिली है। फ्रेंचाइजी ने सभी संबंधित अधिकारियों का सहयोग के लिए आभार भी जताया। टीम का कहना है कि उनका मकसद फैंस को दोबारा घरेलू मैदान पर क्रिकेट का रोमांच देना है और सुरक्षित माहौल में मैच आयोजित करना उनकी प्राथमिकता है।

पहला मैच भी बेंगलुरु में

आरसीबी के सीईओ राजेश मेनन ने कहा कि चिन्नास्वामी स्टेडियम सिर्फ एक मैदान नहीं, बल्कि टीम की पहचान है। बेंगलुरु के फैंस की ऊर्जा खिलाड़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा रही है। परंपरा के अनुसार आईपीएल के नए सीजन का पहला मुकाबला मौजूदा चैंपियन के घरेलू मैदान पर होता है। ऐसे में आईपीएल 2026 का उद्घाटन मैच भी बेंगलुरु में ही खेला जाएगा। पांच मुकाबले बेंगलुरु में और दो रायपुर में आयोजित होंगे, जिससे दोनों शहरों के फैंस को टीम का समर्थन करने का मौका मिलेगा।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post