Health Tips: सिर्फ गार्निशिंग नहीं, सेहत का खजाना है हरा धनिया, रोज खाएं और पाएं इम्यूनिटी से हार्ट तक जबरदस्त फायदे

भारतीय रसोई में हरा धनिया स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए खूब इस्तेमाल होता है। दाल, सब्जी या पुलाव पर थोड़ा सा कटा धनिया डालते ही खाने का मजा दोगुना हो जाता है। लेकिन हरा धनिया सिर्फ गार्निशिंग तक सीमित नहीं है। हेल्थ वेबसाइट हेल्थलाइन की रिपोर्ट के अनुसार, इसका रोजाना सेवन शरीर को कई बड़े फायदे दे सकता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं।

डायबिटीज और इम्यूनिटी में फायदेमंद

हरा धनिया ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करने में मददगार माना जाता है। इसमें मौजूद कुछ एंजाइम्स शुगर कम करने में सहायक हो सकते हैं। साथ ही इसमें फाइबर अच्छी मात्रा में पाया जाता है और इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जो डायबिटीज मरीजों के लिए फायदेमंद है। आप धनिया पानी बनाकर भी इसे ले सकते हैं। इसके अलावा इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटीबैक्टीरियल गुण इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाते हैं, जिससे संक्रमण का खतरा कम हो सकता है।

पाचन और त्वचा को देता राहत

अगर आपको गैस, अपच या ब्लोटिंग की समस्या रहती है, तो हरा धनिया आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। इसमें मौजूद फाइबर पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है और पेट को साफ रखने में मदद करता है। यही नहीं, यह शरीर में बढ़ी हुई एसिडिटी को भी कम करने में सहायक माना जाता है। एसिडिटी कम होने से त्वचा पर होने वाले पिंपल्स, लालिमा और रैशेज जैसी समस्याओं में भी राहत मिल सकती है। नियमित सेवन से त्वचा साफ और दमकती दिख सकती है।

हार्ट हेल्थ के लिए भी असरदार

हरा धनिया एक नेचुरल डाययूरेटिक की तरह काम करता है, जो शरीर से अतिरिक्त सोडियम बाहर निकालने में मदद करता है। इससे हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में सहायता मिल सकती है। कुछ रिसर्च में यह भी सामने आया है कि इसका नियमित सेवन कोलेस्ट्रॉल लेवल को संतुलित रखने में मददगार हो सकता है। इस तरह यह दिल की सेहत के लिए भी अच्छा विकल्प साबित हो सकता है। रोजाना खाने में थोड़ा सा हरा धनिया शामिल करना आसान और फायदेमंद आदत हो सकती है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post