नींबू पानी को सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि इसमें विटामिन-C और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं। सोशल मीडिया पर इसे “डिटॉक्स ड्रिंक” के रूप में खूब प्रचार मिलता है। कई लोग मानते हैं कि इसे पीने से शरीर की सारी गंदगी बाहर निकल जाती है। लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार सच्चाई थोड़ी अलग है। शरीर खुद ही अपने अंदर जमा अपशिष्ट को बाहर निकालने की क्षमता रखता है। इसलिए नींबू पानी मददगार तो हो सकता है, लेकिन इसे पूरी तरह डिटॉक्स करने वाला चमत्कारी उपाय मानना सही नहीं है।
शरीर खुद कैसे करता है सफाई
दिल्ली की आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. चंचल शर्मा बताती हैं कि हर शरीर अलग होता है, इसलिए एक ही उपाय सब पर समान असर नहीं करता। शरीर में किडनी, लिवर और पाचन तंत्र मिलकर प्राकृतिक रूप से टॉक्सिन्स बाहर निकालते हैं। नींबू पानी इस प्रक्रिया को थोड़ा सपोर्ट कर सकता है, लेकिन यह शरीर को पूरी तरह साफ कर देता है, ऐसा कहना वैज्ञानिक रूप से सही नहीं माना जाता।
नींबू पानी पीने के असली फायदे
नींबू पानी पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसमें मौजूद विटामिन-C पाचन एंजाइम को सक्रिय करता है, जिससे कब्ज और अपच में राहत मिल सकती है। यह ड्रिंक पाचन शक्ति को मजबूत कर लिवर की कार्यक्षमता को भी सपोर्ट करता है। साथ ही, नियमित और संतुलित मात्रा में पीने से मेटाबॉलिज्म बेहतर हो सकता है, जिससे वजन नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। यानी यह हेल्दी आदत है, लेकिन इलाज नहीं।
कितना और कब पीना सही रहेगा
नींबू पानी फायदेमंद है, लेकिन रोज खाली पेट पीना जरूरी नहीं। हफ्ते में 4-5 दिन लेना काफी है। जिन लोगों को एसिडिटी, गैस या दांतों की संवेदनशीलता की समस्या है, उन्हें सावधानी रखनी चाहिए। ज्यादा मात्रा में लेने से पेट में जलन भी हो सकती है। इसे हेल्दी बनाने के लिए इसमें चीनी या ज्यादा नमक मिलाने से बचें। संतुलित मात्रा और सही तरीके से सेवन ही इसका पूरा फायदा देता है।