इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टूर्नामेंट की शुरुआत 2 दिन टालने का फैसला किया है. पहले IPL 2026 सीजन 26 मार्च से शुरू होना था, लेकिन अब यह 28 मार्च से शुरू होगा. हालांकि फाइनल की तारीख में कोई बदलाव नहीं किया गया है और खिताबी मुकाबला 31 मई को ही खेला जाएगा. इससे पहले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 8 मार्च को होगा, जिसके बाद फैंस का ध्यान सीधे IPL पर रहेगा.
शेड्यूल जारी करने में क्यों हो रही देरी
अब तक टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल जारी नहीं किया गया है. इसकी सबसे बड़ी वजह कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव बताए जा रहे हैं. जिन शहरों में IPL मैच होने हैं, वहां चुनाव की तारीखें अभी घोषित नहीं हुई हैं. ऐसे में बोर्ड चुनाव आयोग के फैसले का इंतजार कर रहा है, ताकि सुरक्षा और आयोजन में कोई परेशानी न हो. वहीं दूसरी ओर IPL फ्रेंचाइजी लगातार बोर्ड पर दबाव बना रही हैं कि जल्द से जल्द कार्यक्रम घोषित किया जाए, ताकि टीमों की तैयारियां सही तरीके से हो सकें. उम्मीद है कि जल्द शुरुआती मुकाबलों का शेड्यूल जारी किया जा सकता है.
पहले मैच के वेन्यू पर सस्पेंस
टूर्नामेंट की शुरुआत कहां से होगी, इस पर भी अभी फैसला बाकी है. आमतौर पर पिछली बार की चैंपियन टीम अपने होम ग्राउंड पर पहला मैच खेलती है. पिछले सीजन की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु रही थी, इसलिए पहला मैच बेंगलुरु में होना चाहिए. लेकिन एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच कराने को लेकर स्थिति साफ नहीं है. पिछले साल जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ की घटना हुई थी, जिसके बाद यहां क्रिकेट आयोजन पर रोक लगा दी गई थी. इसलिए IPL का ओपनिंग मैच कहां होगा, यह अभी तय नहीं है.
जल्द आ सकता है पूरा कार्यक्रम
IPL गवर्निंग काउंसिल की बैठक जल्द होने वाली है, जिसमें नए शेड्यूल और वेन्यू पर अंतिम फैसला लिया जाएगा. माना जा रहा है कि पहले कुछ मुकाबलों का कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा और बाकी शेड्यूल चुनाव की तारीखों के बाद घोषित होगा. फैंस और फ्रेंचाइजी दोनों ही टूर्नामेंट के पूरे कैलेंडर का इंतजार कर रहे हैं. फिलहाल इतना तय है कि IPL 2026 का रोमांच थोड़ा देर से सही, लेकिन पूरे जोश के साथ शुरू होने वाला है.