एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना और एक्टर विजय देवरकोंडा इन दिनों अपनी शादी को लेकर खूब चर्चा में हैं। फैंस को लंबे समय से उनकी शादी की पहली तस्वीर का इंतजार था, जो अब आखिरकार सामने आ गई है। तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई और फैंस इस नए शादीशुदा जोड़े पर प्यार लुटाते नजर आए। दोनों की शादी बेहद खास अंदाज में हुई, क्योंकि उन्होंने दो अलग-अलग परंपराओं के अनुसार विवाह किया। पहले तेलुगु रीति-रिवाज से और फिर कोडावा समुदाय की परंपरा के मुताबिक शादी रचाई गई।
रिश्ता छुपाया, शादी से सब चौंके
दिलचस्प बात यह रही कि दोनों सितारों ने शादी से पहले अपनी किसी भी रस्म की तस्वीर सार्वजनिक नहीं की थी। उन्होंने अपने रिश्ते को भी कभी खुलकर स्वीकार नहीं किया था। यही वजह है कि शादी की खबर और तस्वीरों ने फैंस को और भी ज्यादा उत्साहित कर दिया। जब तस्वीरें सामने आईं तो हर कोई हैरान और खुश दोनों नजर आया। दोनों ने अपनी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं और एक-दूसरे के लिए बेहद भावुक और प्यार भरे संदेश भी लिखे।
रश्मिका ने पति के लिए लिखा भावुक संदेश
शादी की तस्वीरें शेयर करते हुए इंस्टाग्राम पर रश्मिका ने विजय के लिए दिल छू लेने वाला लंबा पोस्ट लिखा। उन्होंने लिखा कि विजय वो इंसान हैं जिन्होंने उन्हें सच्चे प्यार का एहसास कराया और जीवन में शांति दी। उन्होंने बताया कि विजय हमेशा उन्हें बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करते हैं और खुद पर भरोसा रखना सिखाते हैं। रश्मिका ने यह भी लिखा कि विजय ने उन्हें खुलकर जीना, नाचना और दोस्तों के साथ खुश रहना सिखाया। उन्होंने कहा कि वह उनके बारे में एक पूरी किताब लिख सकती हैं।
विजय बोले- दोस्त को बनाया जीवनसाथी
वहीं विजय देवरकोंडा ने भी रश्मिका के लिए बेहद भावुक पोस्ट लिखा। उन्होंने कहा कि एक दिन उन्हें एहसास हुआ कि रश्मिका उनके जीवन का जरूरी हिस्सा बन चुकी हैं। उन्होंने बताया कि रश्मिका के साथ होने से हर दिन बेहतर लगता है- चाहे खाना हो, वर्कआउट हो या जिंदगी के छोटे-छोटे पल। विजय ने कहा कि उन्हें हमेशा घर जैसा सुकून और शांति महसूस होती है, चाहे वह कहीं भी हों। इसी एहसास ने उन्हें अपनी सबसे अच्छी दोस्त को अपनी पत्नी बनाने का फैसला करने पर मजबूर कर दिया।