Delhi में सिनेमा प्रेमियों के लिए पहली बार होगा भव्य फिल्म फेस्टिवल, फ्री में 125 इंटरनेशनल फिल्में देखने का मौका

अगर आपको एक ही जगह बैठकर दुनिया भर का बेहतरीन सिनेमा देखने का मौका मिले और वह भी बिल्कुल मुफ्त, तो शायद ही कोई इसे छोड़ना चाहेगा। फिल्म फेस्टिवल्स का असली मजा यही होता है कि यहां अलग-अलग देशों की संस्कृति, कहानियां और नए प्रयोग देखने को मिलते हैं। हमारे देश में हर साल कई शानदार फिल्म फेस्टिवल होते हैं, लेकिन बहुत से लोग इनके बारे में जानते ही नहीं। ऐसे में सिनेमा प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है, अब राजधानी में पहली बार इंटरनेशनल स्तर का भव्य फिल्म फेस्टिवल आयोजित होने जा रहा है, जहां क्लासिक और नई फिल्मों का अनोखा संगम देखने मिलेगा।

कब और कहां होगा आयोजन

यह खास फिल्म समारोह 25 मार्च 2026 को भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले बड़े फिल्म समारोह अक्सर सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम जैसे स्थानों पर होते रहे हैं, लेकिन इस बार आयोजन पहले से कहीं ज्यादा भव्य और अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा। फिल्म फेस्टिवल में करीब 125 फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी। इन फिल्मों में दुनियाभर का सिनेमा और भारतीय फिल्ममेकर्स की शानदार रचनाएं शामिल होंगी, जिससे दर्शकों को अलग-अलग फिल्म शैलियों और संस्कृतियों को करीब से समझने का मौका मिलेगा।

फ्री फिल्में और खास अनुभव

इस फेस्टिवल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि सभी फिल्में दर्शकों के लिए मुफ्त दिखाई जाएंगी। यहां रीजनल, बॉलीवुड और इंटरनेशनल फिल्मों के साथ-साथ देशभक्ति, आध्यात्मिक और बच्चों की फिल्मों के अलग-अलग सेक्शन बनाए जाएंगे। सिर्फ मुख्य स्थल ही नहीं, बल्कि शहर के कई मल्टीप्लेक्स में भी फिल्में दिखाई जाएंगी। कुछ जगहों पर ओपन एयर स्क्रीनिंग का मजा भी मिलेगा। इसके अलावा फिल्म निर्माण, अभिनय और तकनीक से जुड़ी वर्कशॉप्स और मास्टरक्लास भी आयोजित होंगी, जहां देश-विदेश के फिल्म विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे।

रजिस्ट्रेशन कैसे करें आसानी से

अगर आप इस शानदार सिनेमाई अनुभव का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो पहले रजिस्ट्रेशन करना जरूरी होगा। इसके लिए आपको आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद आप अपनी पसंद की फिल्में चुन सकते हैं और पूरे दिन आराम से शानदार सिनेमा का आनंद ले सकते हैं। यह आयोजन सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि सीखने और नए फिल्मी नजरिए को समझने का भी बड़ा अवसर है। सिनेमा से प्यार करने वालों के लिए यह फेस्टिवल किसी सपने के सच होने जैसा अनुभव साबित हो सकता है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post