मार्च का महीना इस बार OTT दर्शकों के लिए किसी बड़े फिल्म फेस्टिवल से कम नहीं होने वाला। एक्शन, क्राइम, मिस्ट्री, रोमांस और इमोशनल ड्रामा हर जॉनर के लिए कुछ खास रिलीज होने जा रहा है। सूबेदार से लेकर मर्दानी 3 और यंग शेरलॉक तक, हर हफ्ते नई कहानी दर्शकों को बांधे रखने वाली है। घर बैठे ही दर्शक परिवार के साथ थिएटर जैसा रोमांच और भरपूर एंटरटेनमेंट का आनंद ले सकेंगे।
एक्शन और मिस्ट्री का डबल डोज
एक्शन और इमोशनल ड्रामा से भरपूर सूबेदार में अनिल कपूर लंबे समय बाद दमदार एक्शन अवतार में नजर आएंगे। यह फिल्म 5 मार्च को Amazon Prime Video पर रिलीज होगी। वहीं मिस्ट्री और एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए यंग शेरलॉक खास आकर्षण रहेगा। इस सीरीज को गाय रिची ने डायरेक्ट किया है और इसमें फिएंस टिफिन मुख्य भूमिका में हैं। आठ एपिसोड वाली यह सीरीज 4 मार्च से स्ट्रीम होगी।
क्राइम थ्रिलर और पारिवारिक कहानियां
क्राइम थ्रिलर के फैंस के लिए मर्दानी 3 बड़ी ट्रीट साबित हो सकती है। यह फ्रेंचाइजी मजबूत महिला किरदार और गंभीर सामाजिक मुद्दों को दिखाने के लिए जानी जाती है। थिएटर के बाद अब दर्शक इसे 27 मार्च से Netflix पर देख सकेंगे। वहीं पारिवारिक और भावनात्मक कहानी पसंद करने वालों के लिए हेलो बच्चों भी खास है। इस सीरीज में विनीत सिंह नजर आएंगे और कहानी बच्चों की पढ़ाई और आर्थिक चुनौतियों के इर्द-गिर्द घूमती है।
रोमांस भी, साउथ सिनेमा भी
मार्च की OTT लिस्ट में रोमांस का तड़का भी शामिल है। विद लव एक हल्की-फुल्की रोमांटिक कॉमेडी है, जिसमें अभिशन जीविंथ और अनस्वरा राजन लीड रोल में हैं। कहानी एक कपल की ब्लाइंड डेट से शुरू होकर दिलचस्प मोड़ लेती है। यह फिल्म 6 मार्च को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। कुल मिलाकर मार्च का महीना OTT दर्शकों के लिए फुल एंटरटेनमेंट पैक लेकर आ रहा है।