Eyes के पास दिख रहे पीले धब्बे? सिर्फ स्किन प्रॉब्लम नहीं… दिल की बीमारी का खतरनाक संकेत भी हो सकते हैं

अक्सर आपने देखा होगा कि कुछ लोगों की आंखों के आसपास छोटे-छोटे पीले धब्बे या उभरे हुए पैच दिखाई देते हैं. ज्यादातर लोग इसे बढ़ती उम्र या स्किन की सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन एक्सपर्ट्स के मुताबिक यह सिर्फ त्वचा की परेशानी नहीं, बल्कि शरीर के अंदर चल रही किसी बड़ी हेल्थ प्रॉब्लम का संकेत भी हो सकता है. राजीव गांधी हॉस्पिटल के कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर डॉ. अजीत जैन बताते हैं कि आंखों के आसपास बनने वाले इन पीले धब्बों को मेडिकल भाषा में जैंथेलाज़्मा कहा जाता है. ये धब्बे त्वचा के नीचे जमा कोलेस्ट्रॉल की वजह से बनते हैं. यानी यह शरीर में बढ़ते बैड कोलेस्ट्रॉल का संकेत हो सकता है.

शरीर में क्या हो रहा होता है

जैंथेलाज़्मा तब बनता है जब आंखों के आसपास की त्वचा के नीचे फैट यानी कोलेस्ट्रॉल जमा होने लगता है. यह अक्सर तब होता है जब शरीर का लिपिड प्रोफाइल बिगड़ जाता है या बैड कोलेस्ट्रॉल सामान्य से ज्यादा हो जाता है. कई बार यह समस्या उन लोगों में ज्यादा देखी जाती है जिन्हें पहले से हार्ट से जुड़ी परेशानी का खतरा होता है. डॉक्टरों का कहना है कि अगर आंखों के पास पीले पैच दिखें तो इसे सिर्फ कॉस्मेटिक समस्या न समझें. यह हार्ट डिजीज का शुरुआती संकेत भी हो सकता है. यानी शरीर पहले ही चेतावनी दे रहा होता है कि कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल में नहीं है.

दिखें धब्बे तो क्या करें

अगर आपकी आंखों के आसपास ऐसे पीले निशान दिखने लगे हैं तो सबसे पहले डॉक्टर से सलाह लें. डॉक्टर आमतौर पर लिपिड प्रोफाइल टेस्ट कराने की सलाह देते हैं. खासकर अगर आपकी उम्र 40 साल से ज्यादा है तो यह जांच जरूर करानी चाहिए. अगर टेस्ट में कोलेस्ट्रॉल ज्यादा निकलता है तो घबराने की जरूरत नहीं. खानपान में बदलाव, नियमित एक्सरसाइज और जरूरत पड़ने पर दवाओं से इसे कंट्रोल किया जा सकता है. कई मामलों में डायबिटीज टेस्ट भी कराया जाता है, क्योंकि मेटाबॉलिक समस्याएं भी इसकी वजह बन सकती हैं.

इलाज और बचाव के आसान तरीके

जैंथेलाज़्मा खुद में बहुत खतरनाक नहीं होता, लेकिन यह भविष्य में हार्ट अटैक या दिल की बीमारी के खतरे को बढ़ा सकता है. इसलिए समय रहते सावधानी जरूरी है. रोजाना कम से कम 30 मिनट व्यायाम करें, तेल और तले हुए खाने को कम करें और हेल्दी डाइट अपनाएं. अगर लिपिड प्रोफाइल नॉर्मल है और धब्बे बने हुए हैं, तो स्किन स्पेशलिस्ट से इलाज कराया जा सकता है. सबसे जरूरी बात यह है कि शरीर के ऐसे संकेतों को नजरअंदाज न करें. समय पर जांच और सही इलाज से गंभीर बीमारी से बचा जा सकता है.

The Hindi Post
Author: The Hindi Post