सनी देओल की फिल्म बॉर्डर 2 की सफलता के बाद फैंस उनकी अगली फिल्म गबरू का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इस फिल्म को शशांक उदापुरकर ने डायरेक्ट किया है और सनी पहले ही बता चुके हैं कि यह फिल्म उनके दिल के बहुत करीब है. पहले यह फिल्म 13 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अचानक खबर आई कि रिलीज डेट टाल दी गई है. अब नई जानकारी के मुताबिक फिल्म 8 मई को रिलीज हो सकती है. हालांकि मेकर्स की तरफ से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन जल्द ऐलान होने की उम्मीद है.
स्टार कास्ट और फिल्म की खास बातें
फिल्म में सनी देओल के साथ सिमरन और प्रीत कमानी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. खास बात यह है कि सलमान खान भी इस फिल्म का हिस्सा हैं और रिपोर्ट्स के मुताबिक उनका कैमियो रोल होगा. वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार फिल्म एक एक्शन-ड्रामा है. कहानी भी शशांक उदापुरकर ने ही लिखी है. फिल्म को ओम छंगाणी और विशाल राणा ने प्रोड्यूस किया है. म्यूजिक मिथून का है और गानों के बोल सईद कादरी ने लिखे हैं.
क्यों टली फिल्म की रिलीज?
फिल्म के पोस्टपोन होने की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन इंडस्ट्री में चर्चा है कि बॉक्स ऑफिस क्लैश से बचने के लिए यह फैसला लिया गया. उसी समय रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 रिलीज होने वाली है, जिसके पहले पार्ट को शानदार सफलता मिली थी. इसके अलावा यश की फिल्म टॉक्सिक भी उसी तारीख के आसपास रिलीज हो रही थी. ऐसे में तीन बड़ी फिल्मों का टकराव ‘गबरू’ की कमाई पर असर डाल सकता था. माना जा रहा है कि इसी जोखिम से बचने के लिए रिलीज आगे बढ़ाई गई.
फैंस को अब बड़ी उम्मीदें
रिलीज डेट बदलने से फैंस का इंतजार जरूर बढ़ गया है, लेकिन उत्साह कम नहीं हुआ. माना जा रहा है कि फिल्म में सनी देओल का नया और अलग अंदाज देखने को मिलेगा. साथ ही सलमान खान का कैमियो भी फिल्म को खास बना सकता है. बड़े स्टार्स, दमदार एक्शन और मजबूत कहानी के साथ ‘गबरू’ को साल की चर्चित फिल्मों में गिना जा रहा है. अब सबकी नजर मेकर्स के आधिकारिक ऐलान और 8 मई की संभावित रिलीज पर टिकी हुई है.