Pokhran में दिखेगी भारतीय वायुसेना की असली ताकत, वायुशक्ति 26 में आधुनिक हथियार और मल्टी डोमेन ऑपरेशन का प्रदर्शन

भारतीय वायु सेना 27 फरवरी को राजस्थान के जैसलमेर स्थित पोखरण एयर टू ग्राउंड रेंज में एक्सरसाइज वायुशक्ति 26 का आयोजन करेगी। इस बड़े सैन्य अभ्यास के जरिए वायु सेना अपनी तेज और सटीक जवाबी क्षमता का प्रदर्शन करेगी। इसका उद्देश्य यह दिखाना है कि किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति में भारतीय वायु सेना कितनी तेजी से ऑपरेशनल माहौल पर नियंत्रण बना सकती है। अभ्यास के दौरान सामरिक कार्रवाइयों को रणनीतिक परिणामों में बदलने की क्षमता भी दिखाई जाएगी, जिससे युद्ध जैसी परिस्थितियों में निर्णायक बढ़त हासिल की जा सके।

फाइटर जेट और हेलीकॉप्टर का एक्शन

वायुशक्ति 26 में वायु सेना के आधुनिक फाइटर जेट, ट्रांसपोर्ट विमान और हेलीकॉप्टर अपनी पूरी क्षमता के साथ हिस्सा लेंगे। इनमें तेजस, राफेल, जगुआर, मिराज 2000, सुखोई 30 एमकेआई, मिग 29 और हॉक जैसे लड़ाकू विमान शामिल हैं। इसके अलावा सी 130जे, सी 295 और सी 17 जैसे परिवहन विमान भी ऑपरेशन का हिस्सा होंगे। हेलीकॉप्टर प्लेटफॉर्म में चेतक, एएलएच एमके IV, एमआई 17 IV, एलसीएच, अपाचे और चिनूक शामिल रहेंगे। साथ ही रिमोटली पायलटेड एयरक्राफ्ट भी मिशन का हिस्सा बनेंगे, जिससे आधुनिक युद्ध तकनीक का प्रदर्शन होगा।

एडवांस हथियार और आपदा राहत क्षमता

इस अभ्यास में आधुनिक हथियार प्रणालियों की ताकत भी दिखाई जाएगी। शॉर्ट रेंज लोइटरिंग म्यूनिशंस, आकाश मिसाइल सिस्टम, स्पाइडर एयर डिफेंस और काउंटर अनमैन्ड एरियल सिस्टम जैसे एडवांस सिस्टम दिन, शाम और रात के मिशनों में इस्तेमाल किए जाएंगे। इसके साथ ही वायु सेना की मानवीय सहायता और आपदा प्रबंधन में भूमिका भी प्रदर्शित की जाएगी। इसमें संघर्ष क्षेत्रों से लोगों की सुरक्षित निकासी, त्वरित एयरलिफ्ट और बचाव अभियानों की क्षमता को दिखाया जाएगा। अभ्यास में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को भी शामिल किया गया है।

मल्टी डोमेन ऑपरेशन और आत्मनिर्भर भारत

वायुशक्ति 26 का उद्देश्य केवल सैन्य ताकत दिखाना नहीं बल्कि आधुनिक युद्ध की नई रणनीतियों को भी सामने लाना है। इसमें लंबी दूरी की सटीक मारक क्षमता और मल्टी डोमेन ऑपरेशंस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्वदेशी तकनीक और प्लेटफॉर्म के जरिए आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी प्रदर्शित किया जाएगा। अचूक, अभेद्य और सटीक जैसे मूल्यों पर आधारित यह अभ्यास देश को भरोसा दिलाने के लिए आयोजित किया जा रहा है कि राष्ट्रीय सुरक्षा में भारतीय वायु सेना पूरी तरह सक्षम और तैयार है।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra