Surajkund Mela में मौत का झूला बना सुनामी, टूटते ही मची अफरातफरी, इंस्पेक्टर की गई जान

फरीदाबाद के प्रसिद्ध सूरजकुंड मेले में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया. मेले में लगा ‘सुनामी झूला’ अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई. झूले के गिरते ही चीख-पुकार शुरू हो गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. हादसे के वक्त झूले पर सवार लोग बुरी तरह घबरा गए. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों की मदद शुरू की और पुलिस को सूचना दी गई. कुछ ही देर में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई.

18 लोग थे झूले पर सवार

हादसे के समय ‘सुनामी झूले’ पर कुल 18 लोग सवार थे. बताया जा रहा है कि झूला ऊपर जाते ही अचानक अटक गया था. इसके बाद कुछ लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा गया. इसके कुछ ही समय बाद झूला दोबारा तेज गति से चलने लगा और तभी अचानक टूटकर नीचे गिर गया. झूले के गिरते ही लोग जमीन पर जा गिरे और कई लोग झूले के ढांचे में फंस गए. मेले में मौजूद लोगों ने बिना देर किए घायलों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी. एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया.

बचाव के दौरान इंस्पेक्टर की मौत

झूला गिरने के बाद बचाव कार्य में जुटे एक पुलिस इंस्पेक्टर भी गंभीर रूप से घायल हो गए. वह लोगों को बचाने के लिए झूले पर चढ़े थे. इसी दौरान झूला अचानक नीचे गिर गया, जिससे वह भी जमीन पर आ गिरे. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस हादसे ने पूरे मेले को गमगीन कर दिया. इसके अलावा, झूले के पास स्टॉल लगाने वाले राघव भी बचाव कार्य के दौरान घायल हो गए. उनके ऊपर झूले की ग्रिल गिर गई, जिससे उनके कंधे में चोट आई. राघव का अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया.

मेला खाली, जांच शुरू

सुनामी झूला हादसे के साथ ही सूरजकुंड मेले में एक और घटना सामने आई. गेट नंबर-2 के पास बना स्वागत द्वार गिर गया, जिसमें दो लोग घायल हो गए. लगातार हो रही घटनाओं के बाद प्रशासन हरकत में आया और पूरे मेला ग्राउंड को खाली कराने का फैसला लिया गया. मौके पर जिला मजिस्ट्रेट आयुष सिन्हा, डीसीपी मकसूद अहमद और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं. पुलिस की कई टीमें तैनात कर दी गई हैं और मेले में आए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है. प्रशासन ने सुनामी झूले में तकनीकी खराबी की जांच शुरू कर दी है.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra