Mirzapur Universe का बड़ा धमाका, ओटीटी से सीधे थिएटर तक, चार सितंबर को मिर्जापुर द मूवी रिलीज

भारत की सबसे लोकप्रिय और कल्ट ओटीटी फ्रैंचाइज़ी मिर्जापुर अब पहली बार सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सल एंटरटेनमेंट ने आधिकारिक तौर पर मिर्जापुर द मूवी की थिएट्रिकल रिलीज़ डेट का ऐलान कर दिया है। यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। मेकर्स का कहना है कि यह फिल्म मिर्जापुर यूनिवर्स की एक अनसुनी और नई कहानी दिखाएगी, जिसे बड़े स्केल और दमदार विजुअल्स के साथ पेश किया जाएगा।

कालीन भैया और गुड्डू पंडित की वापसी

फिल्म में दर्शकों को वही रॉ और क्राइम से भरी दुनिया देखने को मिलेगी, जिसने मिर्जापुर को खास बनाया। पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के किरदार में नजर आएंगे, जबकि अली फज़ल गुड्डू पंडित के रोल में वापसी कर रहे हैं। इसके साथ ही दिव्येंदु का आइकॉनिक किरदार मुन्ना भैया भी बड़े पर्दे पर लौटेगा, जिसे लेकर फैंस लंबे समय से उत्साहित थे। पहली बार मिर्जापुर की कहानी को सिनेमाघर के अनुभव में देखने का मौका मिलेगा।

दमदार स्टारकास्ट से सजी फिल्म

मिर्जापुर द मूवी में कई जाने-माने कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनमें जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा और सोनल चौहान शामिल हैं। इतनी बड़ी और मजबूत स्टारकास्ट के साथ फिल्म के प्रति दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।

अनुभवी टीम ने संभाली कमान

अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म एक्सल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाई गई है। फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी को-प्रोड्यूसर हैं। निर्देशन की जिम्मेदारी गुरमीत सिंह ने संभाली है और कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म मिर्जापुर यूनिवर्स को एक नया और बड़ा रूप देगी।

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra