Team India अजेय है, लेकिन धोनी को है एक डर! जो पलट सकता है पूरा टी20 वर्ल्ड कप

एमएस धोनी ने टीम इंडिया की ताकत की खुलकर तारीफ की है, लेकिन साथ ही एक बड़ी चिंता भी जाहिर की है. भारत को पहला टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान धोनी का मानना है कि मौजूदा भारतीय टीम बेहद संतुलित और खतरनाक है. अनुभव, टैलेंट और दबाव में खेलने की काबिलियत, सब कुछ इस टीम के पास मौजूद है. इसके बावजूद धोनी ने कहा कि एक फैक्टर ऐसा है जो किसी भी मजबूत टीम को मुश्किल में डाल सकता है, और वो है रात में गिरने वाली ओस.

ओस से क्यों डरते थे धोनी

जतिन सप्रू के साथ खास बातचीत में धोनी ने बताया कि अपने इंटरनेशनल करियर के दौरान उन्हें सबसे ज्यादा डर ओस से लगता था. ओस मैच की दशा और दिशा पूरी तरह बदल देती है. गेंदबाजों के लिए ग्रिप मुश्किल हो जाती है और बल्लेबाजों को फायदा मिलने लगता है. धोनी ने कहा कि ओस के चलते टॉस बेहद अहम हो जाता है. अगर हालात टीम इंडिया के पक्ष में रहे और ओस नहीं पड़ी, तो भारत 10 में से ज्यादातर मैच जीत सकता है.

टी20 में एक दिन सब बदल देता है

धोनी ने टी20 क्रिकेट की अनिश्चितता पर भी बात की. उन्होंने कहा कि इस फॉर्मेट में किसी भी दिन किसी खिलाड़ी का खराब और विरोधी का शानदार दिन हो सकता है. चाहे लीग स्टेज हो या नॉकआउट मुकाबला, ऐसे मौकों पर सिर्फ दुआ ही काम आती है. धोनी ने यह भी कहा कि खिलाड़ियों का फिट रहना, चोट से बचना और अपने रोल को सही से निभाना बेहद जरूरी है. अगर ऐसा हुआ, तो टीम इंडिया सबसे खतरनाक टीमों में से एक साबित होगी.

टीम इंडिया क्यों है सबसे मजबूत

धोनी की बातों के बावजूद मौजूदा टीम इंडिया हर हालात में जीतना जानती है. टीम के पास दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और नंबर-1 गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती हैं. सूर्यकुमार यादव शानदार फॉर्म में लौट चुके हैं. ईशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तूफानी शतक जड़कर टीम को और मजबूती दी है. हार्दिक पंड्या ऑलराउंड प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि रिंकू सिंह और शिवम दुबे मिडिल ऑर्डर को मजबूती देते हैं. बॉलिंग में बुमराह, अर्शदीप, कुलदीप और अक्षर टीम की बड़ी ताकत हैं.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra