भारत की सबसे लोकप्रिय और चर्चित वेब सीरीज़ मिर्ज़ापुर अब बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज़ और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत मिर्ज़ापुर: द फिल्म ने अपनी शूटिंग पूरी कर ली है। यह फिल्म मिर्ज़ापुर फ्रैंचाइज़ी का पहला सिनेमैटिक वर्ज़न है, जिसे लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ओटीटी पर तहलका मचाने के बाद अब मिर्ज़ापुर का खौफ और सत्ता की लड़ाई सिनेमाघरों में दिखाई देगी।
शूटिंग पूरी, मेकर्स ने किया रैप अनाउंस
निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर फिल्म की शूटिंग खत्म होने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। दमदार थीम म्यूज़िक के साथ शेयर किए गए पोस्ट में लिखा गया, “It’s a wrap! #MirzapurTheFilm”। इस अपडेट के बाद फैंस का उत्साह और भी बढ़ गया है। लंबे समय से फिल्म को लेकर इंतज़ार कर रहे दर्शकों के लिए यह खबर किसी तोहफे से कम नहीं है। अब फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन के चरण में प्रवेश कर चुकी है।
मुन्ना भैया समेत सभी फेवरेट किरदार लौटेंगे
मिर्ज़ापुर: द फिल्म में सीरीज़ के सभी लोकप्रिय और आइकॉनिक किरदार एक बार फिर नजर आएंगे। पंकज त्रिपाठी कलीन भैया के रूप में, अली फ़ज़ल गुड्डू पंडित के किरदार में और दिव्येंदु मुन्ना त्रिपाठी के रूप में वापसी कर रहे हैं। इसके अलावा अभिषेक बनर्जी भी अहम भूमिका में दिखेंगे। खास बात यह है कि फैंस मुन्ना भैया को बड़े पर्दे पर देखने के लिए सबसे ज्यादा उत्साहित हैं।
2026 में रिलीज़, थिएटर के बाद प्राइम पर स्ट्रीमिंग
पुनीत कृष्णा द्वारा निर्मित और गुरमीत सिंह द्वारा निर्देशित यह फिल्म साल 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। थिएटर रिलीज़ के आठ हफ्ते बाद, मिर्ज़ापुर: द फिल्म भारत सहित 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में प्राइम वीडियो पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी। ऑरमैक्स सिनेमैटिक्स की मोस्ट अवेटेड हिंदी फिल्मों की सूची में शामिल यह फिल्म पहले ही बड़ी चर्चा में है।