वायदा बाजार के साथ-साथ दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते तीन कारोबारी दिनों यानी 72 घंटों में चांदी के दाम 1,44,500 रुपए तक गिर चुके हैं, जबकि सोना प्रति 10 ग्राम करीब 30 हजार रुपए सस्ता हो गया है। जानकारों का मानना है कि यह गिरावट फिलहाल थमने वाली नहीं है और आने वाले दिनों में कीमतें और नीचे जा सकती हैं।
चांदी में 36 फीसदी तक की गिरावट
ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के मुताबिक, चांदी की कीमत 4,04,500 रुपए प्रति किलो के ऑल टाइम हाई से गिरकर 2,60,000 रुपए प्रति किलो तक आ गई है। यानी कुल मिलाकर लगभग 36 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। सिर्फ शनिवार को ही चांदी 72,500 रुपए टूटी थी। तीन सत्रों में आई इस भारी गिरावट ने निवेशकों को चौंका दिया है, क्योंकि 29 जनवरी को ही चांदी 4 लाख के पार पहुंच गई थी।
सोना भी दबाव में, रिकॉर्ड से फिसला
99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी बिकवाली के दबाव से नहीं बच सका। सोमवार को सोना 12,800 रुपए गिरकर 1,52,700 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले इसका रिकॉर्ड स्तर 1,83,000 रुपए प्रति 10 ग्राम था। यानी तीन सत्रों में सोने की कीमत में करीब 30,300 रुपए या लगभग 17 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। विशेषज्ञों के अनुसार, मुनाफावसूली के चलते यह दबाव और बढ़ा है।
गिरावट की वजह और आगे क्या देखेंगे निवेशक
विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिकी डॉलर की मजबूती, वैश्विक तनाव में कमी और फेड चेयरमैन पद के लिए केविन वॉर्श के नाम की चर्चा से सोने-चांदी पर दबाव बढ़ा है। इसके अलावा बजट 2026-27 में आयात शुल्क में कोई बदलाव न होने से घरेलू बाजार को सहारा नहीं मिला। वैश्विक बाजार में भी सोना और चांदी दोनों कमजोर हुए हैं। आगे निवेशकों की नजर अमेरिका के आर्थिक आंकड़ों, फेड अधिकारियों के बयानों और वैश्विक भू-राजनीतिक हालात पर रहेगी।