हमारी रोजमर्रा की डाइट में कई ऐसी सफेद चीजें शामिल होती हैं, जो देखने और खाने में भले ही अच्छी लगती हों, लेकिन सेहत के लिए नुकसानदायक साबित होती हैं. वजन बढ़ना, पेट निकलना, थकान, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और कमजोर पाचन जैसी समस्याएं अचानक नहीं होतीं. ये सालों तक गलत खान-पान का नतीजा होती हैं. एक्सपर्ट्स मानते हैं कि सिर्फ चीनी ही नहीं, बल्कि कुछ और सफेद फूड भी धीरे-धीरे शरीर को नुकसान पहुंचाते हैं. अगर आप फिट और हेल्दी रहना चाहते हैं, तो इन चीजों का सेवन सीमित करना बेहद जरूरी है.
मेयोनीज से बढ़ता मोटापा और शुगर
मेयोनीज आजकल बच्चों से लेकर बड़ों तक की फेवरेट बन चुकी है. बर्गर, मोमोज और स्ट्रीट फूड के साथ इसका खूब इस्तेमाल हो रहा है. लेकिन यह स्वाद बढ़ाने वाली सफेद चीज सेहत के लिए जहर से कम नहीं है. मेयोनीज में ज्यादा तेल, अंडे का पीला भाग और नमक होता है. एनसीबीआई के अनुसार, इसका अधिक सेवन ब्लड शुगर बढ़ा सकता है. इससे मोटापा, हाई कोलेस्ट्रॉल और दिल की बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है. बच्चों में इसका असर और ज्यादा खतरनाक हो सकता है.
सफेद चावल और व्हाइट ब्रेड का नुकसान
सफेद चावल और व्हाइट ब्रेड भारतीय घरों में आमतौर पर खाए जाते हैं. लेकिन दोनों ही चीजों का ग्लाइसेमिक इंडेक्स काफी ज्यादा होता है. सफेद चावल में फाइबर कम और कैलोरी ज्यादा होती है, जिससे ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है. हेल्थलाइन के मुताबिक, रोजाना व्हाइट राइस खाने से मोटापा और दिल की बीमारी का खतरा बढ़ता है. वहीं व्हाइट ब्रेड मैदे और प्रिजर्वेटिव से बनती है, जो वजन बढ़ाने के साथ-साथ शुगर लेवल को भी बिगाड़ सकती है.
मैदा सबसे बड़ा छुपा दुश्मन
मैदा से बनी चीजें जैसे मोमोज, चाऊमीन, पिज्जा और स्प्रिंग रोल आजकल हर उम्र के लोगों की पसंद बन चुकी हैं. लेकिन सीनियर डायटीशियन गीतिका चोपड़ा के अनुसार, मैदे में कोई जरूरी पोषक तत्व नहीं होते. इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स बहुत ज्यादा होता है, जिससे ब्लड शुगर बढ़ने का खतरा रहता है. मैदा पेट के आसपास चर्बी बढ़ाता है और गट हेल्थ को भी नुकसान पहुंचाता है. लंबे समय तक इसका सेवन डायबिटीज और पाचन संबंधी समस्याओं को जन्म दे सकता है.